हरियाणा स्वर्ण जयंती उत्सव पर प्रदेश में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वार शुरू की गई ऑनलाइन राशन प्रणाली डिपो होल्डरों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। पीओएस मशीनों में नेटवर्क की दिक्कत व ऑपरेट प्रशिक्षण की कमी के चलते कई स्थानों पर राशन वितरण का कार्य पुरी तरह ठप पड़ा है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए इसी माह डिपो होल्डरों को पीओएस मशीनें वितरित कर मैनुअल रुप से राशन वितरण पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन बाढड़ा क्षेत्र के कई गावों में पीओएस मशीनों में नेटवर्क दिक्कत व डिपो होल्डरों द्वारा मशीनों को ऑपरेट करने में आ रही दिक्कतों के कारण लाभार्थी उपभोक्ताओं को उनका राशन समय पर नहीं मिल रहा है। पहली बार राशन वितरण के लिए प्रयोग में लाई जा रही प्वाइंट ऑफ सेल मशीनों में आ रही दिक्कतों से अनजान उपभोक्ता समय राशन न मिलने के कारण डिपो होल्डरों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर उनसे उलझ रहे है।
उचित प्रशिक्षण के अभाव में कई डिपो होल्डरों द्वारा पीओएस मशीन में गलत (विक्रय समाप्ति) विकल्प चुनने के कारण मशीन स्क्रीन पर बिक्री बंद लिखा आ रहा है। जिसके कारण श्यामकलान, रामपुरा, दगड़ौली, किशनपुरा डूडीवाला, बेरला आदि गांवों में राशन वितरण का कार्य पूरी तरह से बंद हो चुका है।
डिपो होल्डर्स की परेशानी, उनकी जुबानी
पहली बार मशीन का प्रयोग करने कारण काफी परेशानियां हो रही है। मशीन चलाना अच्छी प्रकार से सिखाया नहीं गया जिसके कारण मशीन द्वारा बिक्री बंद हो चुकी है। उपभोक्ता परेशानी समझने के बजाए झगड़ा करने को उतारू हो जाते हैं।
- आनंद, डिपो होल्डर श्यामकलान
प्रशिक्षण के अभाव में गलत विकल्प का चयन होने से मशीन बिक्री बंद दिखा रही है जिसके कारण अब राशन वितरण कार्य नहीं हो पा रहा है लेकिन उपभोक्ता अपना राशन लेने की मांग कर रहे है।
- महावीर, डिपो होल्डर रामपुरा
मशीन में नेटवर्क की भारी दिक्कत है। डिपो की छत पर चढ़कर राशन वितरण का कार्य निपटाया गया।
-जगदीश, डिपो होल्डर डालावास और जगरामबास
वर्जन
पिछले दो तीन रोज से डिपो होल्डरों द्वारा नेटवर्क व पीओएस मशीन ऑपरेट की समस्याएं आ रही है। बिक्री बंद दिखा रही पीओएस मशीनों को दोबारा से चालू करवाने के लिए डीएफएससी को ईमेल के द्वारा सुचित कर दिया गया है जल्द ही मशीनों को चालू करवा दिया जाएगा।
- रविंद्र कुमार, फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर बाढड़ा