भिवानी। जिला पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध विशेष ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया जिसमें पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के दिशानिर्देशों के तहत सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन सुनिश्चित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को शराब पीकर वाहन चलाने और अनुचित वाहन मॉडिफिकेशन के खतरों से जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकना था।
यातायात पुलिस ने 15 से 28 सितंबर के बीच कुल 259 चालान ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में काटे। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम के तहत अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 836 चालान किए गए। बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखे, सायरन बजाने वाले चालकों के 100 चालान काटे गए जबकि गाड़ी पर लाल और नीली लाइट लगाने के मामले में एक चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कहा कि वाहन चलाते समय शराब का सेवन न करना न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि बुलेट और अन्य वाहनों में अवैध संशोधन कर पटाखे जैसी आवाज निकालना कानूनन अपराध है और इससे दुर्घटनाएं तथा सार्वजनिक शांति भंग होती है। उन्होंने ब्लैक फिल्म के प्रयोग पर भी रोक का उल्लेख किया। सुमित कुमार ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें। उन्होंने चेताया कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही किसी की पूरी जिंदगी बदल सकती है।