बहल। बहल निवासी किसान दलीप की हत्या के मामले में पुलिस को जिन मोबाइल डंप और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार था वे शनिवार को मिल गईं। हालांकि पुलिस ने जांच की गोपनीयता बनाए रखने के लिए दोनों रिपोर्टों का विवरण सार्वजनिक नहीं किया है।
इन रिपोर्टों के मिलने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि इस चुनौतीपूर्ण ब्लाइंड मर्डर केस का जल्द पर्दाफाश किया जा सकेगा। सोमवार रात को हुए इस जघन्य हत्याकांड के बाद से ही पुलिस और सीआईए की टीमें लगातार मामले से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच कर रही हैं। पुलिस ने दलीप के परिजनों द्वारा शक के आधार पर बताए गए दो पुरुष और एक महिला के अलावा अन्य कई लोगों को भी जांच के दायरे में शामिल किया है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
कस्बे के लोगों के लिए भी यह मामला रहस्य बना हुआ है क्योंकि दलीप सौम्य स्वभाव का व्यक्ति था और उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। मृतक की दिनचर्या खेत से घर और घर से खेत तक सीमित थी। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर दलीप की हत्या के पीछे अपराधियों की मंशा क्या रही होगी।
मृतक के परिजनों ने बताया कि वे लगातार पुलिस के संपर्क में हैं। पुलिस ने उन्हें दो से तीन दिन और इंतजार करने के लिए कहा है। परिजनों का कहना है कि वे पुलिस की जांच पर भरोसा करते हुए उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही मामले का खुलासा होगा और उन्हें न्याय मिलेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस उनसे कई बार पूछताछ कर चुकी है और दलीप के आने-जाने, मिलने वालों और घटना वाले दिन से जुड़ी तमाम जानकारियां ली जा चुकी हैं। इस बारे में बहल थाना प्रभारी संजय ने बताया कि शनिवार को पुलिस को मृतक दलीप की पोस्टमार्टम और मोबाइल डंप रिपोर्ट मिल चुकी है। हम मोबाइल डंप रिपोर्ट का विश्लेषण कर रहे हैं और आरोपियों तक पहुंचने के लिए संभावित कड़ियां जोड़ रहे हैं।