भिवानी। गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैक-डाउन के तहत भिवानी पुलिस ने दो पांच-पांच हजार रुपये के ईनामी बदमाशों नवीन और रोहताश को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन के तहत शनिवार को भिवानी सीआईए प्रथम और सीआईए द्वितीय की टीम ने दोनों अपराधियों को अलग-अलग स्थानों से धर दबोचा।
भिवानी के डीएसपी अनूप कुमार ने बताया कि पिछले दो माह के दौरान भिवानी पुलिस ने कुल 957 गिरफ्तारियां की हैं। इसी अभियान के तहत अब तक 15 गंभीर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी रोहताश मूल रूप से जींद जिले के दिनोदा खुर्द का रहने वाला है। इसने मंढ़ाणा गांव में शराब ठेके पर फायरिंग की थी। इसके खिलाफ हत्या, डकैती और शस्त्र अधिनियम सहित सात मामले पहले से दर्ज हैं।
वहीं पांच हजार रुपये का दूसरा ईनामी बदमाश नवीन को तोशाम बाईपास क्षेत्र से पकड़ा गया। यह मूल रूप से द्वारका गांव का निवासी है। इसके खिलाफ जुई थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर गंभीर मारपीट का मामला दर्ज था जिसमें पीड़ित की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
डीएसपी अनूप कुमार ने बताया कि गंभीर अपराधों से निपटने के लिए पुलिस प्राथमिकता पर कार्य कर रही है। हरियाणा के डीजीपी और भिवानी के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न पुलिस टीमें त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीर अपराधों में लिप्त अपराधियों की धरपकड़ में लगी हुई हैं।