तोशाम। एंटी नारकोटिक्स टीम ने डेढ़ किलो गांजा और नशीली दवाइयों के साथ एक युवक को काबू किया तो नशीली दवाओं और गर्भपात की दवाइयां बेचने के खेल का खुलासा हुआ। एक दवा दुकानदार यह कारोबार चला रहा था। वह न केवल अपनी दुकान में बल्कि साथ लगती इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भी प्रतिबंधित दवाइयां रखे हुए था। एंटी नारकोटिक्स और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम की कार्रवाई में सारे खेल का खुलासा हुआ। मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम कार्रवाई करने में जुटी थी।
मामला रविवार शाम करीब पांच बजे का है। एंटी नारकोटिक्स सेल (स्टेट क्राइम) के भिवानी इंचार्ज एएसआई अजमेर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर संडवा वासी प्रदीप की दुकान पर छापा मारा। जहां से डेढ़ किलो गांजा और नशे में प्रयोग होने वाली दवाइयां बरामद हुई। पूछताछ में प्रदीप ने बताया कि वह ये दवाइयां ईशरवाल स्थित एक मेडिकल हॉल से लाता हूं। जिसके बाद एएसआई अजमेर सिंह ने सीएचसी मिरान के चिकित्सक डॉ. रजत परमार व ड्रग इंस्पेक्टर हेमंत ग्रोवर को साथ लेकर छापा मारा। टीम ने बताई गई दवा दुकान की जांच की तो वहां से गर्भपात की दवाइयों की 10 किट बरामद हुई। इसके अलावा नशे में प्रयोग होने वाले अल्फेक्स की चार हजार गोलियां बरामद हुईं। कुछ दवाइयां साथ लगती इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से भी बरामद की। मामले में चिकित्सक डॉ. रजत और ड्रग इंस्पेक्टर हेमंत ग्रोवर ने बताया कि प्रतिबंधित और गर्भपात की दवाइयां पकड़ी है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।