एवीटी स्टाफ द्वारा चोरों से बरामद की गईं बाइकें।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। लॉकडाउन के दौरान व अनलॉक शुरू होने के बाद जिले में अपराध का ग्राफ निरंतर बढ़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि बहुत सी आपराधिक घटनाओं में अब नाबालिग शामिल मिल रहे हैं। अनुज हत्याकांड में दो नाबालिग शामिल थे तो सोमवार को एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) स्टाफ ने दो बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों नाबालिग है और उनके पास से चोरी की छह बाइकें बरामद हुई हैं। इन नाबालिग चोरों ने चरखी दादरी से भी चार बाइक चोरी करने की वारदात कुबूल की है।
एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ के इंचार्ज एसआई कृष्ण मलिक ने बताया कि एएसआई सुभाष मोर अपनी टीम के साथ दादरी गेट पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान दो लोग बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर आए। उनसे पूछताछ की तो उनके पास कोई कागजात नहीं थे। गहनता से पूछताछ की तो पाया कि बाइक चोरी की है। जब उनसे गहनता से पूछताछ की तो उन्होंने नौ और बाइक चोरी की वारदात कुबूल कीं। जिनमें छह बाइक भिवानी से और चार बाइक चरखी दादरी जिले से चोरी करने की बात कुबूल की। एसआई कृष्ण मलिक ने बताया कि भिवानी से चोरी की गईं सभी छह बाइक बरामद कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि ये दोनों चोर नाबालिग हैं, जिनकी उम्र करीब साढ़े 17 वर्ष है। इनका एक अन्य साथी अमित बालिग है। इनके साथी चोरी की इन सभी वारदातों में शामिल है, उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
10 बाइक चोरी करना कुबूला
एसआई कृष्ण मलिक ने बताया कि इन चोरों ने दो बाइकें बैंक कॉलोनी से व एक-एक बाइक कृष्णा कॉलोनी, चिरंजिव कॉलोनी, अनाज मंडी व विकास नगर से चोरी की हुई हैं। कृष्ण मलिक ने बताया कि इन तीनों चोरों ने दो-ढाई माह से चोरी करनी शुरू की थी और चोरी कर अब सभी 10 बाइकों को औने-पौने दामों में बेचने की फिराक में थे।