बहल (भिवानी)। मोटर ठीक करने के लिए कुएं में उतरे मिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ट्यूबवेल मालिक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर पांच नामजद लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
कस्बे का मिस्त्री दामोदर शर्मा ट्यूबवेल मोटर मरम्मत का काम करता था। सोमवार सुबह वह ढाणी बहल में मोटर ठीक करने के लिए गया था कि वह कुएं में गिर गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तब तक दामोदर की मौत हो चुकी थी। मृतक के भाई अशोक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह गुरुग्राम में था जब उसके भतीजे से सूचना मिली की उसका भाई बहल ढाणी स्थित एक किसान के खेत में बने ट्यूबवेल में गिर गया है। वह मौके पर पहुंचा तो देखा तो उसका भाई मृत अवस्था में था। अशोक ने आरोप लगाया कि उसके भाई की मौत मौके पर उक्त लोगों की लापरवाही से हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर प्रदीप, सज्जन, जयवीर, रामप्रकाश व दिनेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई संदीप ने बताया कि मृतक को पोस्टमार्टम के लिए लोहारू ले जाया गया है। मृतक के दो लड़कियां और एक लड़का है।