विधायक राजबीर फरटिया के बेटे योगेश की शादी में पहुंचे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा। पार्टी
- फोटो : 1
भिवानी। किसान धरने पर, कंपनियां मुनाफे में और सरकार नींद में, यही पीएम फसल बीमा योजना का सारांश है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कही। हुड्डा वीरवार को लोहारू में कांग्रेस विधायक राजबीर फरटिया के बेटे योगेश की शादी समारोह से पहले रखे गए भोज कार्यक्रम में पहुंचे थे।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि किसानों का 350 करोड़ रुपये से ज्यादा का मुआवजा बकाया है। किसान 104 दिनों से धरने पर बैठे हैं। फिर भी सरकार भुगतान करने को तैयार नहीं है। स्पष्ट है कि पीएम फसल बीमा योजना सिर्फ कंपनियों की तिजोरी भरने की योजना है, ना कि किसानों को मुआवजा देने की।
हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार ने कदम-कदम पर किसानों के साथ धोखा किया है। मुआवजा ही नहीं, किसानों को खाद और एमएसपी से भी वंचित किया जा चुका है। भाजपा सरकार की भावांतर योजना और सरकारी खरीद एजेंसी कहां हैं? सरकार द्वारा धान, बाजरा, मूंग और कपास जैसी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) ना देकर, किसानों को लगातार ठगा जा रहा है। किसान की फसलें औने-पौने दामों पर बिक रही हैं, लेकिन सरकार व एजेंसियां गायब हैं। यह किसानों के साथ विश्वासघात है।
हुड्डा ने कहा कि मंडियों में बाजरा 1850 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल में बिक रहा है, क्योंकि सरकारी खरीद पूरी तरह बंद कर दी गई है। एमएसपी 2250 प्रति क्विंटल होने के बावजूद किसान नुकसान झेल रहे हैं। धान, मूंग, कपास समेत तमाम फसलें इसी तरह बिक रही हैं। कपास 6500-7200 प्रति क्विंटल बिक रही है, जबकि एमएसपी 8100 प्रति क्विंटल है। सरकारी खरीद न होने से सिर्फ मिलर ही खरीद कर रहे हैं, जिसका पूरा नुकसान किसानों को हो रहा है।