सदर थाना क्षेत्र के गुजरानी चौकी अंतर्गत मिताथल गांव में गुरुवार की शाम प्लॉट पर कब्जे के विवाद को लेकर चचेरे भाइयों में खूनी संघर्ष हुआ। घटना में जमकर लाठी-डंडे और फरसे चले। मारपीट में बीमा एजेंट समेत 10 लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिताथल गांव निवासी प्रकाश और राजेंद्र का चचेरे भाई राजपाल, सुखपाल से प्लॉट का विवाद चल रहा है। बताते हैं कि विवादित प्लॉट पर एक पक्ष ने गुरुवार को निर्माण शुरू कर दिया। दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताते हुए काम रोकवाने का प्रयास किया। गाली-गलौच के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।
लाठी-डंडे और फावड़े से एक-दूसरे पर जमकर प्रहार हुआ। हमले में एक पक्ष से प्रकाश का भाई 60 वर्षीय राजेंद्र, पुत्र सुरेंद्र, नरेंद्र, बीमा एजेंट राजेश व संजय को चोटें आईं। फरसे के हमले से सुरेंद्र के सिर व छाती में गहरी चोट लगी। दूसरे पक्ष से राजपाल व उसका पुत्र संदीप, पंदीप, भतीजा भगत सिंह, सतबीर घायल हुए।
संदीप के हाथ में फ्रेक्चर आया। ग्रामीणों की मदद से उन्हें देर शाम अस्पताल लाया गया। जहां उनका उपचार किया गया। इस सम्बन्ध में गुजरानी चौकी इंचार्ज ने बताया कि मारपीट की जानकारी मिली है, मगर अब तक किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई है। शिकायत आते ही छानबीन शुरू करेंगे।