भिवानी। पर्यावरण की शुद्धता के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की जरूरत पर जोर देते हुए विधायक घनश्याम सर्राफ और डीसी साहिल गुप्ता ने बुधवार को पंचायत भवन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा ही पखवाड़े कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने झाड़ू लगाकर आमजन से स्वच्छता में सक्रिय योगदान देने का भी आह्वान किया।
विधायक सर्राफ ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शहरी स्थानीय निकाय विभाग शहरी क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाएगा जिसमें नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाएंगे।
डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि सेवा पखवाड़े में स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, खेल विभाग, पुलिस विभाग, पशुपालन, मत्स्य पालन, कृषि विभाग आदि विभिन्न विभाग जनता से सीधे संपर्क में रहकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जीवन में अपनाना आवश्यक है और इसकी शुरुआत सबसे पहले स्वयं से करनी होती है।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सेवा पखवाड़े का शुभारंभ करते हुए विधायक घनश्याम सर्राफ और डीसी साहिल गुप्ता ने पंचायत भवन के सामने सड़क के साथ लगती ग्रीन बेल्ट में पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण से पर्यावरण का संरक्षण किया जा सकता है और इसके लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे।