हरियाणा राज्य परिवहन बेड़े में अगले महीने यानी मार्च माह से 150 पिंक रोडवेज बसें शामिल होंगी। इसमें अकेले भिवानी डिपो में छह बसें दी जाएगी। ये बसें केवल स्कूली व कॉलेज छात्राओं के लिए होंगी। लेकिन इनमें ग्रामीण रूट के सामान्य यात्री भी सफर कर सकेंगे। हरियाणा सरकार ने घर से स्कूल व कॉलेज तक आने जाने में रोडवेज बसों की दिक्कतों को झेल रही छात्राओं के लिए पिंक बसों की शुरूआत होगी।
भिवानी जिला में करीब 25 हजार से अधिक स्कूली व कॉलेज छात्राएं रोजाना गांव से शहर तक का सफर करती हैं। इसमें कस्बाई इलाकों के कॉलेजों में भी हजारों छात्राएं पढ़ाई के लिए आती हैं। रोडवेज विभाग द्वारा करीब साढ़े 17 हजार से अधिक छात्राओं के मुफ्त बस पास सुविधा भी दी जा रही है। इन छात्राओं को ग्रामीण रूटों की बसों में खड़े होकर सफर करना पड़ता है। पहले से ही ग्रामीण रूटों पर परिवहन सेवाएं लड़खड़ाई हुई हैं, जिसकी वजह से परिवहन विभाग चाहकर भी ग्रामीण रूट से आने जाने वाली छात्राओं को अलग से बस सुविधा नहीं दे पाता। मगर पिंक रोडवेज बसें स्पेशल छात्राओं के लिए ही चलाई जाएंगी।
पिंक बसों में छात्राओं के साथ सामान्य यात्री भी करेंगे सफर
पिंक रोडवेज बसें वैसे तो स्पेशल छात्राओं के लिए ही होंगी। लेकिन स्कूल और कॉलेज समय के बाद इन बसों में सामान्य यात्री भी सफर कर सकेंगे। सुबह स्कूल व कॉलेज आने वाली छात्राओं के लिए बस जब चलेगी तो उस बस में आगे बोर्ड लगाया जाएगा केवल छात्राओं के लिए। इस बोर्ड के लगे होने का मतलब कि ये बस छात्राओं को कॉलेज व स्कूल छोड़ने जा रही है। वापस भी इसी तरह का बोर्ड लगाया जाएगा। लेकिन इसके बाद पूरा दिन इन बसों में सामान्य यात्री ग्रामीण रूट पर सफर कर सकेंगे। इन बसों के परिवहन बेडे़ में शामिल होने पर लोकल रूट पर भी रोडवेज बस सेवा बेहतर हो जाएगी।
ये है परिवहन बेड़े में रोडवेज बसों की स्थिति
फिलहाल रोडवेज विभाग के भिवानी डिपो में 147 रोडवेज बसें हैं, जिनमें 119 रोडवेज बसों का संचालन भिवानी बस स्टैंड से हो रहा है। जबकि 28 बसें तोशाम सब डिपो में दी गई हैं। इसके अलावा दो रोडवेज बसें प्राइवेट किलोमीटर स्कीम के तहत चलाई जा रही हैं। इसी तरह शहर में सिटी बस सेवा बंद है। कॉलेज व स्कूली छात्राओं के लिए अलग से अभी तक कोई बसें नहीं हैं।
परिवहन विभाग में 150 पिंक बसें शामिल की जाएंगी। इसमें छह पिंक बसें भिवानी डिपो में शामिल की जाएंगी। इन बसों को 31 मार्च से पहले भिवानी डिपो में भेजा जाएगा। इन बसों कोच सबसे अधिक छात्राएं जहां से आती हैं, उन चुनिंदा ग्रामीण रूटों पर लगाया जाएगा। जिससे ग्रामीण रूटों पर भी रोडवेज की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
- गुलाब सिंह दूहन, डिपो महाप्रबंधक, भिवानी रोडवेज डिपो।