भिवानी में पांच आदर्श मतदान केंद्रों के साथ दो पिंक बूथ बनाए गए हैं। जिनकी सजावट बाहर से ही मतदाताओं को आकर्षित कर रही है। इतना ही नहीं मतदान केंद्र में आने वाले पहले मतदाता का स्वागत भी किसी मुख्य अतिथि से कम नहीं होगा, बल्कि 21 अक्तूबर को जन्मदिन वाले वोटरों का भी आदर्श मतदान केंद्र में खास तौर पर अभिनंदन होगा। विधानसभा चुनावों में इस तरह की तैयारियां आदर्श बूथों पर रविवार को देखने को मिली।
जिला रिटर्निंग अधिकारी के आदेश पर शहर के पांच बूथों को आदर्श व दो बूथों को पिंक बूथ बनाया गया है। पिंक बूथ पर सभी चुनावी ड्यूटी देने वाली महिलाएं होंगी, जो महिला वोटरों के लिए खास प्रेरणादायक बनेंगी। वहीं आदर्श बूथ पर वोटरों के लिए खास तौर पर इंतजाम किए गए हैं। इनमें रेस्ट एवं वेटिंग रूम, चिकित्सा कक्ष, जलपान की उचित व्यवस्था होगी। इतना ही नहीं मतदान केंद्र के मुख्य द्वार को भी फूलों व अन्य तरह की डेकोरेशन से दुल्हन की तरह सजाया गया है। इतना ही नहीं मतदाताओं के लिए मुख्य द्वार से पोलिंग कक्ष तक कालीन बिछाई गई हैं, ताकि मतदाता सीधा कालीन पर से मतदान कमरे तक पहुंचे। इतना ही नहीं दीवारों को भी भव्य तरीके से सजावट की गई है। वोटरों के लिए प्रेरणादायक किरदार अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों व सेलिब्रिटी के पोस्टर भी मतदान केंद्रों पर लगाए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा गठित की गई स्वीप टीम के सदस्यों को इन आदर्श बूथों पर खास तौर पर जिम्मेदारियां भी सौंपी गई है।
तिलक लगा शंखनाद से मनाया जाएगा जन्मदिन : आदर्श बूथ पर बीएलओ की ड्यूटी भी लगाई गई है। वह मतदाता की पहचान में उसकी जन्मतिथि पर भी नजर डालेगा। अगर कोई वोटर 21 अक्तूबर को जन्मा है तो बीएलओ इसकी घोषणा करेगा और फिर बूथ इंचार्ज उस मतदाता का नाम पुकारकर स्वीप टीम के सदस्यों की मदद से मतदान केंद्र के अंदर ही उसे तिलक लगाकर शंखनाद किया जाएगा। इसके उपरांत वोट डलवाकर उसका मीठा मुंह करा उसे हंसी-खुशी विदा किया जाएगा।
बुजुर्ग व गर्भवती को एनसीसी कैडेट्स करेगा सम्मानित : आदर्श बूथ पर 99 या फिर सौ साल या इससे अधिक बुजुर्ग मतदाता व गर्भवती महिला मतदाता का यहां खास अंदाज में स्वागत होगा। ऐसे मतदाता को गेट से ही मतदान कक्ष तक एनसीसी के कैडेट्स गार्ड ऑफ ऑनर के साथ लेकर आएंगे। दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर भी उपलब्ध कराई गई हैं।
ये हैं आदर्श बूथ
1. हलवासिया विद्या विहार स्कूल
2. सेठ किरोड़ीमल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय
3. राजकीय प्राथमिक पाठशाला रामनगर
4. वैश्य कॉलेज भिवानी।
5. केएम हाई स्कूल जैन चौक भिवानी।
पिंक बूथ
- टीआईटी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय।
- भिवानी पब्लिक स्कूल।
हलवासिया स्कूल में बूथ नंबर 22 को आदर्श बूथ का दर्जा मिला है। यहां पर विद्यालय प्रशासक दीवानचंद रहेजा व प्राचार्य डॉ. रमाकांत शर्मा की टीम द्वारा मतदाताओं के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। लोगों का वोट के प्रति नजरिया बदलने के लिए ही ये व्यवस्था जिला उपायुक्त सुजान सिंह द्वारा की गई है।
- डॉ मुरलीधर शास्त्री, संयोजक स्वीप टीम भिवानी।