भिवानी। बीकानेर रेल मंडल के भिवानी जंक्शन पर बने लॉबी और रनिंग रूम में पायलटों को विभिन्न प्रकार की मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। लॉबी रूम में रनिंग स्टाफ को लॉबी से जुड़े एक वातानुकूलित विश्राम कक्ष की व्यवस्था दी जाएगी। इसके अंदर आरामदायक कुर्सी एवं सोफे की व्यवस्था होगी। जहां ट्रेन लेट होने पर लोको पायलट विश्राम कर सकेंगे।
लॉबी एवं विश्राम कक्ष में वातानुकूलित, आरओ एवं वाटर कूलर युक्त पेयजल की सुविधा, लॉबी में सीयूजी फोन की सुविधा भी लोको पायलटों को मिलेगी। रनिंग रूम में घर जैसी सुविधा मिलेगी।
कमरों में पर्याप्त रोशनी, हवा के लिए वेंटिलेशन, गहरे रंगों के पर्दों की व्यवस्था, ध्यान कक्ष, पत्र-पत्रिकाएं, खाना पकाने के लिए हाईजीनिक रसोई, रियायती भोजन की उपलब्धता, डाइनिंग हॉल, कुर्सी, मेज, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, महिला रनिंग स्टाफ के लिए अलग कमरों एवं शौचालय की व्यवस्था, सभी रनिंग रूम में क्रू मैनेजमेंट प्रणाली की व्यवस्था होगी।
सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन के लिए लोको पायलट के महत्वपूर्ण पद की भूमिका के महत्व को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे सभी सुविधा दिलाएगा। इसमें रनिंग स्टाफ को आउट ऑफ टर्न आवास एवं अन्य सुविधा दी जाती है।
मंडल में लोको पायलट के ड्यूटी घंटों को सवारी गाड़ी में अधिकतम आठ घंटे एवं माल गाड़ियों में अधिकतम 10 घंटे निश्चित किया गया है। इसके बाद उन्हें विभिन्न नामित स्थानों पर स्थित रनिंग रूम (विश्राम गृह) में आराम दिया जाता है। अपने मुख्यालय पर 16 घंटे एवं रनिंग रूम में आठ घंटे विश्राम के बाद अगली गाड़ी में रनिंग स्टाफ की बुकिंग की जाती है।