भिवानी के गांव ढाणी रिवासा स्थित बैठक में मौजूद बहुजन समाज पार्टी के सदस्य।
भिवानी। गांव ढाणी रिवासा स्थित अनुसूचित जाति चौपाल की दीवारों पर जातिसूचक शब्द लिखने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के लिए शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी ने रोष जताया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से समाज को बांटने का षड्यंत्र रचने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
गांव ढाणी रिवासा में ग्रामीणों के बीच पहुंचे बसपा प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि दो दिन में प्रशासन ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो बसपा प्रदर्शन करने पर मजबूर होगी। बसपा प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने बताया कि ढाणी रिवासा स्थित एससी चौपाल की दीवारों पर जातिसूचक शब्दों का लिखना एक निंदनीय घटना है और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इस घटना समाज में आक्रोश है।
बसपा जिला अध्यक्ष प्रदीप रंगा ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज को बांटने व माहौल खराब करने का षडय़ंत्र है। जिस पर तुरंत लगाम लगाए जाने की जरूरत है। इस मौके पर बसपा तोशाम विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष सज्जन चौपड़ा, जिला सचिव रामभगत रेढू, नरेंद्र लारा, प्रवीण निगाना, बलवान भारीवासिया, रामशरण भारीवासियां, सोमबीर कालोद, नरेंद्र लारा, अशोक बापोड़ा मौजूद रहे।