फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: पेट्रोल पंपों पर पसरा सन्नाटा, कई पंप हुए ड्राई, डीसी बोले-जिले में ईंधन व गैस की कोई कमी नहीं

विज्ञापन
देवसर चुंगी ​स्थित पेट्रोल पंप पर लगी तेल भरवाने के लिए वाहन चालकों की भीड़।
विज्ञापन
भिवानी। अफवाहों के चलते कई पेट्रोल पंपों पर सन्नाटा पसरा रहा और अनेक पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म होने की सूचना चस्पा की गई हालांकि डीसी साहिल गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें।
विज्ञापन

शनिवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में डीसी की अध्यक्षता में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने के बोर्ड लगाए गए हैं। डीसी ने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे इनका अनावश्यक स्टॉक न करें। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि घरेलू एलपीजी गैस का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही सुनिश्चित किया जाए। यदि कोई इसका व्यावसायिक उपयोग करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि घरेलू एलपीजी की मांग के अनुसार पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए। डीसी ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अपार तिवारी से जिले में गैस एजेंसियों व पेट्रोल पंपों पर उपलब्धता की जानकारी ली। साथ ही फसल खरीद के दौरान मंडियों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विज्ञापन


कालाबाजारी रोकने के लिए अधिकारी करें छापामारी
डीसी ने निर्देश दिए कि अधिकारी राशन डिपो व लेबर कैंटीनों पर खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखें। घरेलू गैस व पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी या जमाखोरी किसी भी सूरत में न होने दी जाए और इसके लिए नियमित छापेमारी की जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को नियमानुसार घरेलू गैस व पेट्रोल-डीजल की सुचारू आपूर्ति मिलनी चाहिए ताकि उनकी दिनचर्या प्रभावित न हो। संबंधित विभाग को लेबर कॉलोनियों में स्थित कैंटीनों में समय पर गैस व राशन उपलब्ध कराने तथा खाद्यान्न या पेट्रोल-डीजल के अवैध भंडारण पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उपमंडल स्तर पर बनाए जाएं कंट्रोल रूम
डीसी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि उपमंडल स्तर पर एक-एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए और प्रत्येक के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए ताकि आमजन अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकें। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए और उनका दैनिक आधार पर रिकॉर्ड रखा जाए। साथ ही प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण का पूरा ब्यौरा भी संधारित किया जाए। इसके अलावा डीसी ने नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए बायोगैस (सीएनजी, बीएनजी) को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। बीएनजी से संबंधित माइल कनेक्टिविटी या अप्रूवल से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने को कहा, ताकि बायोगैस प्लांट पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हो सकें।

नागरिक हरसंभव पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करें
डीसी ने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि भले ही वर्तमान में पेट्रोल-डीजल का कोई संकट नहीं है फिर भी जहां तक संभव हो पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकारी व प्राइवेट बसों तथा रेल सेवा के उपयोग से ईंधन और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने बताया कि जिले में पर्याप्त संख्या में रोडवेज बस सेवा उपलब्ध है और सभी बसें सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें