तोशाम। तोशाम निवासी एक व्यक्ति के साथ पर्सनल लोन के नाम पर धोखाधड़ी व ठगी हुई है। लोन के बहाने ठगने वाले गिरोह ने पीड़ित से अलग अलग नाम से करीब 85 हजार की राशि अपने खातों में डलवा ली, बावजूद इसके कोई लोन उसको नहीं मिला। पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
तोशाम निवासी सत्यवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करके अपने व अपने परिवार का गुजारा करता है। निजी कार्य के लिए रुपये की आवश्यकता थी। एक दिन छोटा भाई पवन आया और उसने बाजार में पोल पर पर्सनल लोन के स्टीकर लगे देखे। स्टीकर पर लिखा था कि पर्सनल लोन कुछ ही घंटों में मिल जाएगा। भाई द्वारा बताए स्टीकर से नंबर देखकर फोन किया तो जवाब मिला कि लोन मिल जाएगा, पहले उनके खाते में 2500 रुपये डालने होंगे। उनके बताए खाते में आवश्यकता को देखते हुए 2500 रुपये का कर्जा लेकर डाल दिए। इसके बाद उक्त नंबर पर फोन किया और कहा कि उसे लोन राशि नहीं मिली। उन्होंने 17 हजार 500 रुपये डालने होंगे, जिससे बीमा बनेगा। यह राशि भी डाल दी गई। एक बार फिर नंबर पर फोन किया तो बताया कि लोन की दो किस्त और डालनी होंगी। दो किस्तों के नाम पर 14392 रुपये और भेज दिए गए। उसके बाद 7500 रुपये खाता की रुकावट नाम के डलवाए गए। फिर भी लोन राशि नहीं मिली। इसके बाद कंप्यूटर से टाटा कैपीटल फाइनेंस की साइट से नंबर लिया तो उस पर फोन किया। उक्त फोन धारक ने बताया कि आपको पर्सनल लोन मिल जाएगा और आपके कोई पैसा नहीं लगेगा। उसने भी 7500 रुपये की मांग की तो उस पर भी विश्वास करते हुए 7500 रुपये भेज दिए गए। इनके बावजूद 14740 रुपये फिर डाले गए। इस तरह से बार-बार करके 85 हजार से ज्यादा की राशि डलवा ली गई, लेकिन लोन फिर भी नहीं मिला। इस दौरान संपर्क में आए व्यक्ति के बताए निवास पर जयपुर राजस्थान गए तो वहां न तो कंपनी का कार्यालय मिला और न ही कोई कर्मचारी। सत्यवान की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।