भिवानी। संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में विभिन्न जनसंगठनों ने आंदोलनरत महिला पहलवानों व महिलाओं से बदसलूकी को लेकर सोमवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लघु सचिवालय के बाहर केंद्र सरकार का प्रतीकात्मक पुतला फूंककर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा। प्रदर्शन में महिला संगठनों की पदाधिकारी भी शामिल हुईं। वहीं सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
पुतला दहन कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान नेता यादविरेन्द्र शर्मा, कमल सिंह प्रधान, संतोष देशवाल, युद्धवीर सिंह अहलावत व रोहताश पहलवान मिताथल ने संयुक्त रूप से की। मंच संचालन किसान सभा के कामरेड ओम प्रकाश ने किया। झापन उपायुक्त की तरफ से जिला आपदा प्रबंधक प्रवीन कुमार ने प्राप्त किया।
प्रदर्शन में विभिन्न किसान सभा, जनवादी महिला समिति, नौजवान सभा, सीटू, जय किसान, जाटू खाप, युवा कल्याण संगठन व जय किसान संगठनों के नेताओं ने 28 मई को हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब व दिल्ली से महिला पहलवानों के समर्थन में जाने वाले किसानों, महिलाओं को गिरफ्तार करने व बर्बरता करने की निंदा की। जनसंगठन पदाधिकारियों ने महिला पहलवानों से यौन उत्पीड़न के आरोपी सांसद व हरियाणा के मंत्री को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। इसी के साथ सभी खिलाड़ियों पर झूठे मुकदमे वापस लेने की मांग की। पुतला दहन कार्यक्रम में किसान नेता मास्टर शेर सिंह, रिटायर्ड कमिश्नर सुरेश कुमार गोयल, दिवान सिंह जाखड़, रामफल देशवाल, प्रताप सिंह सिंहमार, बलबीर सिंह बजाड़, महेन्द्र सिंह तंवर, सुखदेव पालवास व अन्य शामिल थे।