तोशाम में घरों की छतों के उपर बैठे बंदर।
तोशाम। कस्बावासी बंदरों के उत्पात से परेशान हो रहा है। बंदर आमजन को गलियों से निकलने, बच्चों के खेलने पर हमला करने के साथ-साथ घर की छतों पर रखे सामान को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
ऐसे में नागरिकों ने प्रशासन से गुहार लगाई हैं कि इससे पहले इनका उत्पात और बढ़े इन्हें पकड़कर दूर जंगल में छोड़ा जाएं ताकि लोग राहत भरी जिंदगी जी सकें।
गौरतलब है कि पूर्व में भी बंदरों के उत्पात से कस्बावासी परेशान रहे हैं। कस्बे में लगातार बंदरों की संख्या बढ़ती जा रही है। कस्बे के मोहल्लों ही नहीं बल्कि उपमंडल कार्यालय परिसर पर बंदरों के झुंड कर्मचारियों व आमजन को नुकसान पहुंचा रहे हैं। दरवाजा खुला देख बंदर कार्यालयों में भी घुस जाते हैं। इसके अलावा बरामदे में टहलते रहते हैं जिनके द्वारा काटने का खतरा लगातार बना रहता है।
कस्बे के लोगों की मानें तो रात में बंदर का पता नहीं चलता लेकिन सुबह होते ही उनका झुंड आ धमकता है। किसी के दुकान की सामान तो किसी के घर की छत पर आंगन में धूम मचाते हुए घरेलू सामानों को भी नुकसान पहुंचा जाते हैं। जब इनका डरा कर भगाने का प्रयास किया जाता हैं तो ये इंसानों के तरफ झपट्टा मारकर भाग जाते हैं। ऐसी स्थिति में डरे सहमे लोग खामोशी से बंदरों के नुकसान सहने को मजबूर हैं।
डर का माहौल ऐसा बन गया हैं कि महिलाएं और बच्चे मारे डर के छत पर नहीं जा रहें हैं। लोगों का कहना है कि इससे पहले कि बंदरों की वजह से कोई अप्रिय घटना घटित हो वे उन्हें बंदर से अविलंब छुटकारा दिलाया जाएं ताकि आम नागरिक शांत वातावरण में जीवनयापन कर सकें।
उनके मोहल्ले में बंदर उत्पात मचाते रहते हैं। बंदरों के उत्पात के भय से गलियों में घूमना खतरे से खाली नहीं है। बंदर घर के अंदर घुस कर सामान को नुकसान पहुंचाते हैं। गली में खेलते हुए छोटे बच्चों को भी बंदर नुकसान पहुंचा जाते हैं।
- पराग, वार्ड 15
बंदरों का उत्पात से नागरिक परेशान है। इसकी लगातार शिकायत मिल रही है। नागरिकों को समस्या से छुटकारा दिलवाने के लिए जल्दी ही संबंधित विभाग से संपर्क किया जाएगा।
- राजेश तंवर, सरपंच, तोशाम।