बवानीखेड़ा। गांव रतेरा में घर में सोए हुए लोगों पर हमला कर वृद्धा को घायल करने, मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। वहीं वृद्धा को अधिक चोटिल होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
रतेरा निवासी श्याम सुंदर ने पुलिस में दिए बयान में बताया कि वीरवार को वे रात अपने घर में सोए हुए थे। तभी अचानक सुबह तीन बजे के करीबन घर के बाहर एक गाड़ी में सवार होकर विरेंद्र उर्फ बुल्ला अपने अन्य साथियों के साथ आया और घर में घुसकर घर में सोए विकलांग पिता को गाली गलौज देते हुए माता सुषमा के साथ हाथापाई करके चोटिल कर दिया। आंगन में भी पत्थरबाजी की व मोटरसाइकिल का वाइजर व टंकी को तोड़ दिया।
घर में पत्नी व बच्चों के कमरे के दरवाजों पर भी पत्थरों से हमला किया व दरवाजे तोड़कर बच्चों को डराया धमकाया व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को सूचित करने व पुलिस आने पर अपनी गाड़ी छोड़कर भाग गए।
पीड़ित ने बताया कि उसकी मां को चोटें लगने के कारण उसे जमालपुर की सीएचसी में दाखिल करवाया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं हमलावरों के कारण बच्चों को भी स्कूल भेजने का डर सताने लगा है। पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।