बवानीखेड़ा। कस्बे से होकर गुजरने वाले नवनिर्मित फोरलेन पर निकास और प्रवेश मार्ग न छोड़े जाने से स्थानीय लोगों में भारी रोष है। इसी को लेकर शनिवार को वार्ड नंबर दस की पार्षद मनीषा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि को ज्ञापन सौंपा और समस्या से अवगत कराया।
ज्ञापन में कहा गया कि नव-निर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग में कस्बावासियों के लिए प्रवेश और निकास की सुविधा नहीं दी गई है, जिससे आमजन को भारी परेशानी हो रही है। वर्तमान में लोगों को निकास के लिए गांव लोहारी जाटू तक जाना पड़ता है, जो काफी दूर है। लोगों ने मांग की कि फोरलेन पर बवानीखेड़ा कस्बे के लिए भी निकास व प्रवेश मार्ग की व्यवस्था की जाए ताकि स्थानीय लोग आसानी से आवागमन कर सकें। विधायक कपूर सिंह ने आश्वासन दिया कि वे अधिकारियों से बात कर जल्द ही समाधान करवाएंगे। इस मौके पर पार्षद प्रतिनिधि पवन, अनूप जांगड़ा, देवी राम सोनी, जगन्नाथ महता, ललिता वधवा, पूर्व पार्षद पंकज महता समेत अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।