संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी। सर्दी के मौसम में भी शहरवासियों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है। जागृति कॉलोनी के निवासियों ने सोमवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भिवानी कार्यालय पर प्रदर्शन कर विभाग के एसडीओ यशवेंद्र खरब को ज्ञापन सौंपा। इसकी अध्यक्षता कॉलोनी निवासी गंगा बिशन ने की।
प्रदर्शनकारी रूबी, अभिषेक, सुनीता, गंगा बिशन, जगदीश और जन संघर्ष समिति संयोजक ओमप्रकाश ने बताया कि बीटीएम व टीआईटी मिल के बीच पांच साल पहले कॉलोनी में चार इंच की पेयजल लाइन डाली गई थी। उस समय कॉलोनी की आबादी कम थी, लेकिन अब पानी की लाइन में प्रेशर कम होने और कॉलोनी के बड़े हिस्से में पानी आपूर्ति की लाइन न होने के कारण सभी घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है।
-
नई पाइपलाइन डालने का दिया आश्वासन
एसडीओ यशवेंद्र खरब ने बताया कि शहर में पुरानी पाइपलाइन बदलने और नई पाइपलाइन डालने के लिए 233 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ है। दो महीने में टेंडर अलॉट कर दिए जाएंगे, इसके बाद कॉलोनी में बड़ी लाइन डालने का कार्य शुरू होगा। तब तक पुरानी लाइनों में प्रेशर की जांच कर उसे दुरुस्त किया जाएगा।