भिवानी। पिछले 13 दिनों से मांगों को लेकर आंदोलनरत नगरपालिका और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल को रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा का समर्थन मिला है। जिला पटवार एवं कानूनगो यूनियन ने कर्मचारियों के साथ एकजुटता जताते हुए सरकार से ठेका प्रथा खत्म कर कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की।
एसोसिएशन के राज्य उपप्रधान विकास राठी ने कहा कि सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेशभर के पटवारी और कानूनगो 19 व 20 अगस्त को दो दिवसीय सांकेतिक धरना देंगे। उन्होंने कहा कि 21 अगस्त तक नए पोर्टल पर आ रही तकनीकी खामियों का समाधान नहीं किया गया तो पटवारी और कानूनगो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इस मौके पर तहसील प्रधान विक्रांत शर्मा, पटवारी शैलेंद्र पंघाल, मनोज वर्मा, बीर सिंह, शैलेंद्र परमार, मयंक, विशाल, शुभम, अनुभव, दीपक और प्रदीप मौजूद रहे।