पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में पुरातत्व एवं संग्रहालय व श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप धानक ने 20 परिवादों की सुनवाई की। इस दौरान मौके पर आठ परिवादों का निपटारा हुआ जबकि 12 परिवाद लंबित रहे। इनमें छह मामले सीएम विंडो से संबंधित थे। मंत्री ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले पटवारी छबीलदास को सस्पेंड करने के आदेश दिए। वहीं अपनी जगह किसी दूसरे कर्मचारी को बिना जवाबदेही तय कर बैठक में भेजने पर लोहारू बीडीपीओ को चेतावनी दी।
फसल बीमा योजना के एक केस की सुनवाई करते हुए निर्देश दिए कि यदि बैंक द्वारा किसान का नाम या उसके गांव का नाम गलत फीड किया जाता है तो उसकी भरपाई संबंधित बैंक अधिकारी करेगा। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी अतिक्रमण की समस्या नहीं रहनी चाहिए।
मंत्री के कार्यक्रम की वजह से पंचायत भवन के चारों तरफ पुलिस ने नाके लगा दिए और लघु पंचायत भवन की तरफ आने वाले वाहनों का रूट बदल दिया। इस वजह से सरकुलर रोड पर भी वाहनों का लंबा जाम लगा। पंचायत भवन के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। ये प्रबंध किसान संगठनों के पदाधिकारियों को रोकने के लिए किए थे।
गांव हालुवास माजरा देवसर का परिवाद अधीक्षक अभियंता यमुना जल सेवाएं व अधीक्षक अभियंता जन स्वास्थ्य विभाग से था। जिसमें अधिकारियों ने बताया कि इस परिवाद का निपटारा कर दिया है। सुमेर सिंह निवासी गांव गोपालवास का परिवाद अधीक्षक अभियंता बिजली निगम भिवानी से संबंधित मामले में परिवादी मौजूद नहीं था। योगेंद्र गांव कुंगड़ के मामले में संबंधित अधिकारी ने बताया कि इस शिकायत की जांच में कोई सच्चाई सामने नहीं आई है। गांव कुड़ल की धर्मशाला विवाद की जांच उपायुक्त द्वारा की जाएगी और अगली बैठक में इसकी रिपोर्ट पर कार्रवाई की जाएगी।
सेक्टर 13 की एसोसिएशन की शिकायत पर मंत्री ने डीसी को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर समस्याओं पर संज्ञान लेने के आदेश दिए वहीं एन्हांसमेंट पर हुडा अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि संबंधित व्यक्तियों की सूची बनाकर राशि ब्याज सहित देने की प्रक्रिया शुरु कर दी है। राजबीर कौशिक वासी सैय के परिवाद बिजली निगम से संबंधित परिवाद पर उपायुक्त डीए की राय लेकर रिपोर्ट तैयार करेंगे।
गांव तिगड़ाना वासी भंवरलाल के परिवाद की सुनवाई करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि यदि फसल बीमा योजना में कोई बैंक किसान का नाम या गांव का नाम गलत फीड करता है, जिसकी वजह से किसान को बीमा राशि नहीं मिल पाती है इसका हर्जाना संबंधित बैंक अधिकारी भरेगा। उन्होंने बैठक में रखी गए परिवाद से संबंधित बैंक अधिकारी को निर्देश दिए कि आगामी बैठक तक पीड़ित व्यक्ति के रुपए का भुगतान करें वरना उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैंक ने उसका गांव तिगड़ाना की बजाए दिनोद दर्शा दिया था जिसकी गलती से उसे लाभ नहीं मिला।
गांव दरियापुर वासी मंदरूप के बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी से संबंधित परिवाद पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने मामले में डीआरओ व तहसीलदार की जांच की रिपोर्ट एवं ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर काम में लापरवाही बरतने के चलते पटवारी छबीलदास को सस्पेंड किया। इस दौरान शिकायतकर्ता मंदरूप ने मंत्री को बताया कि संबंधित पटवारी की कार्यप्रणाली से ग्रामवासी परेशान हैं। तीन साल तक ग्रामीणों ने उस पटवारी को झेला, अब उसे दूसरे गांव में भेजा है तो वहां भी उसकी कार्यप्रणाली ऐसी रहेगी, इस पर मंत्री ने उसे तुरंत प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश दिए।
बैठक में विधायक घनश्याम सरार्फ, उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल नरवाल, डीएफओ विपिन, एसडीएम संदीप अग्रवाल, नगराधीश हरबीर सिंह, एसडीएम लोहारू जगदीश चंद्र, एसडीएम तोशाम मनीष फौगाट, एसडीएम सिवानी ब्रह्म प्रकाश, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय वीरेंद्र सिंह, उप पुलिस अधीक्षक सदर वीरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर धूपड़, जेजेपी जिलाध्यक्ष विजय गोठड़ा और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नंदराम धानिया मौजूद रहे।