शहर के मेडिकल कॉलेज में लगी मरीजों की भीड़।
भिवानी। दिवाली के त्योहार पर अवकाश के बाद वीरवार को पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज में ओपीडी शुरू हुई। इस दौरान सामान्य रोग विशेषज्ञ के पास खांसी के मरीजों की भरमार रही। बदलते मौसम में ओपीडी में आने वाले मरीज खांसी, जुकाम और कफ की समस्या से परेशान दिखे।
वीरवार को सामान्य रोग विशेषज्ञ के पास औसतन 80 से 90 मरीज खांसी के पहुंचे। मरीज रोहित, बिमला और रामकिशन ने बताया कि वे पिछले तीन दिनों से खांसी से परेशान हैं। चिकित्सक से दवा लेने के लिए पहुंचे हैं। इसी तरह बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या दोपहर तक 180 पहुंच चुकी थी। दरअसल, मौसम में बदलाव जारी है। इसके साथ ही दिवाली पर भी लोगों ने जमकर पटाखे फोड़े और आतिशबाजी की। इस कारण शहर का एक्यूआई भी बढ़ गया।
पिछले दो दिनों से एक्यूआई 300 के पार रहा। वहीं, वीरवार को शहर का एक्यूआई 202 दर्ज किया गया। पिछले दो दिन के मुकाबले एक्यूआई में गिरावट दर्ज की गई। लेकिन इसके बावजूद भी शहर में एक्यूआई की स्थिति चिंताजनक रही। हवा में प्रदूषण के साथ ही मौसम में बदलाव ने लोगों के स्वास्थ्य को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया। इसमें सबसे ज्यादा प्रभाव आंखों और श्वसन तंत्र पर देखा जा रहा है।
मौसम में बदलाव जारी है। ऐसे में खांसी और जुकाम के मरीज सामने आ रहे हैं। ऐसी स्थिति में मरीजों को संभल कर जलने की जरूरत है। खान-पान का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। फ्रिज में रखी ठंडी खाद्य सामग्री का सेवन करने से बचें। सुबह-शाम हल्की ठंड होती है। मौसम के अनुसार कपड़े पहन कर बाहर निकलें। खांसी होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श करें।
-डॉ. यतिन गुप्ता, फिजिशियन मेडिकल कॉलेज भिवानी।