डॉ नंदिनी लांबा की ओपीडी के लिए प्रतीक्षा करते हुए उनकी चेयर पर बैठा मरीज।
भिवानी। मेडिकल कॉलेज की मनोरोग ओपीडी में बुधवार को चिकित्सक का इंतजार करते-करते एक मरीज डॉक्टर की कुर्सी पर जाकर बैठ गया। कमरा नंबर 111 में डॉ. नंदिनी लांबा की कुर्सी पर बैठे मरीज का फोटो दिनभर सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा।
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों की अधिक संख्या के कारण कई बार अव्यवस्थाएं सामने आती हैं। चिकित्सक के कक्ष के बाहर प्रतीक्षालय में बैठने के लिए कुर्सियां लगी हैं लेकिन कई मरीज कक्ष के अंदर चले जाते हैं। बुधवार को भी मनोरोग ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचा एक व्यक्ति डॉक्टर की कुर्सी पर ही जाकर बैठ गया।
काफी देर बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नजर मरीज पर पड़ी तो उसने उसे कुर्सी से उठाया। घटना का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ओपीडी में मरीजों के इंतजार और व्यवस्था को लेकर चर्चा होती रही।