भिवानी। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज में ईसीजी जांच के लिए महिला तकनीशियन की तैनाती न होने से महिला मरीजों को परेशानी हो रही है। पुरुष तकनीशियन से जांच कराने में असहज महसूस करने के कारण कई महिलाएं बिना जांच करवाए ही लौट रही हैं।
हृदय संबंधी समस्या या चिकित्सकीय परामर्श के बाद जब महिला मरीजों को ईसीजी के लिए भेजा जाता है तो वहां पुरुष तकनीशियन को देखकर वे संकोच करती हैं। सामाजिक और व्यक्तिगत झिझक के चलते कई महिलाएं जांच टाल देती हैं। इससे समय पर बीमारी की पहचान और उपचार प्रभावित होने का खतरा है।
मरीज खुशी, बबीता, कल्पना और निशा का कहना है कि अस्पताल प्रशासन को इस संवेदनशील समस्या पर पहले ही ध्यान देना चाहिए था। महिला मरीजों की गरिमा और सुविधा का ध्यान रखना स्वास्थ्य संस्थान की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मेडिकल कॉलेज के प्रभारी डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि वहां एक महिला कर्मचारी की नियुक्ति की गई है। महिला मरीजों की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा और जांच के दौरान किसी को असहजता का सामना नहीं करना पड़ेगा।