फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेंगूः अब प्लेटलेट्स, प्लाज्मा के लिए मरीजों को नहीं चुकाने होंगे महंगे दाम

विज्ञापन
जिला सामान्य अस्पताल की लैब में डेंगू की जांच करता स्वास्थ्य कर्मी। संवाद न्यूज एजेंसी। - फोटो : Bhiwani
विज्ञापन
डेंगू पीड़ित मरीजों को अब प्लेटलेट्स, प्लाज्मा के लिए अब दूसरे जिलों या फिर अन्य निजी लैब में महंगे दाम नहीं चुकाने पड़ेंगे, बल्कि ये सुविधा स्वास्थ्य विभाग रियायती दरों पर ही मुहैया कराएगा। इसके लिए भिवानी जिला स्वास्थ्य विभाग ने फ्रीडम ब्लड बैंक से एमओयू साइन किया है। हरियाणा स्टेट ब्लड ट्रांस फंक्शन काउंसिल की हिदायतों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने ये समझौता किया है। इस समझौते के अनुसार मरीजों को तय रेटों पर प्लेटलेट्स, रेड सेल्स, फ्रेश फ्रोजन प्लाज्मा, एसडीपी, क्रायोप्रेसिपिटेट की सुविधा मिलेगी। वहीं जिले में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को नि:शुल्क रक्त व रक्त घटक (ब्लड कंपोनेंट) मुहैया कराए जाएंगे। बता दें कि विभाग की यह कवायद जिले में लगातार बढ़ रहे डेंगू के मरीजों की संख्या को देखते हुए की है। अब तक जिले में 14 डेंगू के मरीज आ चुके हैं, वहीं दो मरीज चरखी दादरी जिला एवं पांच अन्य जिलों से पाए गए हैं। जिन्हें उनके जिले में ही भेजा गया है।
विज्ञापन

जिले भर में 894 लोगों के हो चुके सैंपल, 76 हजार बन चुकी ब्लड स्लाइड
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक जिले भर में 894 लोगों के डेंगू आशंकित होने के चलते सैंपल लिए गए हैं। वहीं जिले भर में 76 हजार से अधिक लोगों की ब्लड स्लाइड बनाई गई हैं। इसके अलावा रोजाना औसतन 50 से 60 लोगों के ब्लड सैंपल लिए जा रहे हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की सीएचसी व पीएचसी स्तर सहित जिला मुख्यालय से भी एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारियों की टीमें जांच में जुटी हैं।
डेंगू का लारवा मिला, 376 लोगों को दिया नोटिस
जिले के थाने और चौकियों के अंदर भी डेंगू का लारवा मिल चुका है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने जिले भर में डेंगू का लारवा मिलने पर 376 लोगों को नोटिस जारी किया है। वहीं डेंगू के लारवा को नष्ट करने के लिए भी विभाग ने एंटी लारवा एक्टिविटी चलाई हुई है।
विज्ञापन

डेंगू के प्रकोप के चलते बढ़ी बकरी के दूध की मांग
जैसे जैसे डेेेंगू के डंक का प्रकोप बढ़ रहा है वैसे वैसे बकरी के दूध व अन्य इम्यूनिटी बढ़ाने की खाद्य वस्तुओं की मांग भी बढ़ रही है। डेंगू से ग्रस्त मरीजों को तरल पदार्थ की अधिक जरूरत पड़ती है। इसमें बकरी का दूध अधिक कारगर साबित हो रहा है। ऐेसे में बकरी का दूध 800 से 1000 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिल रहा है। बाजार में कई जगह दो सौ रुपये प्रति किलो के हिसाब के बकरी के दूध के पोस्टर भी लगाए हैं, जिनको लेकर लोगों में उस दूध की गुणवत्ता पर चर्चा भी हो रही है। बाजार में कीवी 80 से 150 रुपये प्रति पीस के हिसाब से बिक रहे हैं, वहीं नारियल का पानी भी 80 से 100 रुपये के हिसाब से मिल रहे हैं।
डेंगू के आइसोलेशन वार्ड में हैं 24 मरीज दाखिल
जिले में बढ़ते डेंगू के चलते स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में वार्ड नंबर सात को आइसोलेशन वार्ड बनाया है। जिसमें डेंगू के आशंकित मरीजों को दाखिल किया गया है। डेंगू वार्ड में कुल 24 मरीज उपचाराधीन हैं, जिनमें से 18 मरीज डेंगू व आशंकित है। स्वास्थ्य विभाग लगातार इन मरीजों का चेकअप कर उन्हें दवा दे रहा है।
इन क्षेत्रों में है डेंगू का कहर
जिले भर में अनेक स्थानों से डेंगू के मरीज सामने आए हैं। इनमें शहर की विद्यानगर कॉलोनी, महाराणा प्रताप कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, किर्ती नगर, सेक्टर 13, विकास नगर, ढाणी हरसुख, बापोड़ा, नया बाजार, रेलवे कॉलोनी, हनुमान ढाणी सहित शहर की कई पुलिस चौकी व थाने भी शामिल हैं।
-----------
डेंगू के लक्षण:
- अचानक तेज बुखार होना
- सिर के अगले भाग, आंखों के पिछले भाग, मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द होना
- खसरा जैसे दाने छाती व हाथ के ऊपरी भाग तक निकल आना
- भूख कम लगना और बार-बार उल्टी करने का मन करना
ये रखे सावधानी :
- डेंगू बुखार में स्वयं दवा खाने से बचें
- डेंगू व मलेरिया नाशक दवा के छिड़काव के बाद दो महीने तक सफेदी न करें
- तेज बुखार, उल्टी, सिरदर्द, बेहोशी होने पर अच्छे चिकित्सक को दिखाए।
- कूलर व घर के आसपास पानी जमा न होने दें
- जमा पानी में मिट्टी का तेल या काला तेल डालें
-------
तय किए गए रक्त व उसके घटक की कीमत रुपये में
रक्त रेट
पूर्ण रक्त 1450
रेड सेल्स 1450
रेंडम डोनर प्लेटलेट्स 400
फ्रेश फ्रोजन प्लाज्मा 400
क्रायोप्रेसिपिटेट 250
एफेरेसीस (एसडीपी) 11000
------------
वर्जन-
रक्त व उसके कंपोनेंट को लेकर एक ब्लड लैब के साथ एमओयू की प्रक्रिया अपनाई गई है। पीजीआई रोहतक से नि:शुल्क ब्लड रोगियों को मुहैया कराया जा रहा है। निजी लैब से हुए समझौते में रेट तय किए गए हैं, इससे अधिक रेट मरीज से नहीं वसूले जा सकते हैं।
विज्ञापन

- डॉ संध्या गुप्ता नोडल आफिसर एवं डिप्टी सिविल सर्जन भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें