गांव मिरान के खेतों में मिले गुब्बारे को दिखाता युवक।
तोशाम(भिवानी)। वीरवार देर शाम गांव मिरान के खेतों में गुब्बारा मिलने से हड़कंप मच गया। गुब्बारा पाकिस्तानी झंडे के रंग जैसा है। इसका आकार विमान जैसा है और पीआईए लिखा है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही डायल 112 व थाना प्रभारी शिव कुमार मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इसके साथ कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
गांव मिरान के खेतों में वीरवार को देर शाम किसान कृष्ण के खेत में गुब्बारा पड़ा नजर आया। कृष्ण जब खेत में कामकाज के लिए गया तो उसे यह गुब्बारा नजर आया। गुब्बारा देखकर किसान डर गया। इसके बाद गुब्बारे की सूचना पड़ोसी किसानों को दी और पुलिस को सूचित किया गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गुब्बारे की सूचना मिलने पर मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
थाना प्रभारी शिवकुमार ने बताया कि गुब्बारे में ऐसा कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। गुब्बारा खेत से थाने में ले आए थे। गुब्बारे पर पीआईए लिखा होने से ग्रामीणों को शंका हुई थी। लेकिन ऐसा कुछ नहीं पाया गया।