भिवानी। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने पिता का दोस्त बनकर बेटे से 27 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को नूंह से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपों की पहचान गुलालटा जिला नूंह निवासी वाजिद के रूप में हुई है।
भिवानी निवासी गौरव ने थाना साइबर क्राइम को दी शिकायत में बताया कि 12 जनवरी को उनके मोबाइल नंबर पर एक फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को उसके के पिता का दोस्त बताया था। उसने गौरव को बताया कि उन्होंने उसके पिता के 3000 देने हैं, वह उनके नंबर पर ऑनलाइन पेमेंट कर रहे हैं। इसके बाद आरोपी ने उसके मोबाइल फोन पर 30000 भेजने का झूठा टेक्स्ट मैसेज भेजा था और फोन करके शिकायतकर्ता से वापस 27000 रुपये धोखाधड़ी करके वापस अपने खाते में डलवा लिए थे।
उसने जब अपना बैंक खाता चेक किया तो उनके पास आरोपी द्वारा रुपये नहीं डाले गए थे। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए वीरवार को थाना साइबर क्राइम के सहायक उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने आरोपी को गांव गुलालटा जिला नूंह से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। धोखाधड़ी के लिए आरोपी वाजिद ने अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था। इसके बदले में आरोपी को 4000 मिले थे। वहीं मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं।