लोहारू। बिजली निगम के कथित नए-नए नियमों व सर्कुलर से नाराज किसानों की पंचायत सोमवार को भाकियू के बैनर तले हुई। बिजली निगम कार्यालय पावर हाउस परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता भाकियू के खंड रवींद्र कसवां ने की।
जिला प्रधान मेवा सिंह आर्य ने बताया कि बिजली निगम किसानों पर मनमाने सर्कुलर थोप कर किसान मजदूरों की कमर तोड़ने पर उतारू है। घरेलू बिजली बिलों में कथित रूप से धोखाधड़ी करके एडवांस कनेक्शन सिक्योरिटी जोड़ी जा रही है, जो किसानों के साथ अन्याय है। उन्होंने बताया कि हाल के बिजली बिलों में एरियर के रूप में हजारों रुपये जोडक़र भेजा है, जो उचित नहीं है। यहीं नहीं चोरी या क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर पर किसान से 10 से 20 फीसदी वसूली का नया कानून किसानों पर थोपा जा रहा है।
मेवासिंह ने बताया कि नए ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए किसानों द्वारा राशि जमा करवाने के बाद भी उनके कनेक्शन पेंडिंग हैं। सरकार को समय रहते ये पेंडिंग कनेक्शन किसानों को शीघ्र जारी करना चाहिए। आर्य ने बताया कि यदि समय रहते किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो 18 मार्च को ढिगावा सब डिविजन में भाकियू बड़ी पंचायत कर ठोस फैसला लेने को मजबूर होगी। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों संबंधी ज्ञापन एसडीओ बिजली निगम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित किया। पंचायत में प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मपाल बारवास, प्रदेश सचिव आजाद सिंह भूगंला, ब्लाक संयोजक रामसिंह शेखावत, ब्लाक उपाध्यक्ष सुमेर सिंह गोठड़ा, जिला उपाध्यक्ष कैप्टन इन्दराज, जयसिंह, सूरजभान, भरतसिंह, सुरेश, राजबीर मौजूद थे।