भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल में सुविधाओं की किल्लत का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार दोपहर को आपातकालीन विभाग में अचानक कई घायलों के पहुंचने की वजह से माइनर ओटी में जगह कम पड़ गई। इसके कारण एक घायल को माइनर ओटी के गेट पर ही स्ट्रेचर पर लेटाकर स्वास्थ्यकर्मचारी टांके लगा रहे थे। इस दौरान ओटी में लगे बल्ब से रोशनी कम आने के कारण चिकित्साकर्मी मोबाइल जलाकर घाव का ऑपरेशन करते दिखे।
अस्पताल की ओटी बहुत छोटी है। जिस वजह से दो तीन मरीज को ही इलाज हो सकता है। सोमवार को ओटी में भीड़ होने से ओटी के गेट पर एक व्यक्ति को टांके लगाने पड़े। जिस स्ट्रेचर पर मरीज लेटा था। वह ओटी के आधा अंदर व आधा गलियारे में था। मरीज का इलाज भी मोबाइल फोन की टाॅर्च जलाकर किया जा रहा था। ओटी के बाहर ज्यादा भीड़ होने पर बैठने की व्यवस्था भी कम है।
नागरिक अस्पताल में एक-एक कर व्यवस्था बनाई जा रही है। जिला सामान्य अस्पताल के आपात विभाग का भी जल्द विस्तार कराया जाएगा। माइनर ओटी को बड़ा किए जाने के संबंध भी विचार चल रहा है। जल्द ही इसका दायरा बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया जाएगा। -डॉ. रघुवीर शांडिल्य सिविल सर्जन भिवानी।