भिवानी। राधा स्वामी दिनोद के परम संत कंवर महाराज ने कहा कि संसार के सुख स्थायी नहीं हैं। सच्चा सुख प्रभु की भक्ति में है। रविवार को दिनोद आश्रम में संगत को प्रवचन देते हुए उन्होंने कहा कि प्रभु के चरणों में ध्यान लगाने वाले व्यक्ति को न कुछ पाने की लालसा रहती है और न कुछ खोने का डर।
उन्होंने कहा कि गरीब अपनी गरीबी से दुखी है तो धनवान धन-दौलत की चिंताओं में उलझा है। बड़े महल, धन और परिवार होने के बावजूद मन को शांति नहीं मिलती। इंसान जीवनभर धन-संपत्ति जुटाता है लेकिन अंत में सब यहीं छोड़कर जाना पड़ता है। इस सच्चाई को जानते हुए भी लोग जीवन में नहीं उतारते।
उन्होंने कहा कि लोभ, लालच, स्वार्थ, झूठ, कपट और धोखाधड़ी इंसान की बुद्धि पर हावी हैं। लालच में दूसरों का बुरा सोचने वाला व्यक्ति अंत में अपना ही नुकसान करता है। सच्चा ज्ञान वही है, जो अच्छे-बुरे की पहचान कराकर बुराई छोड़ने और अच्छाई अपनाने की प्रेरणा दे। प्रभु के नाम की बात सुनकर ही लोगों को परेशानी होने लगती है और उनके पास भक्ति के लिए समय नहीं है।
अच्छे विचारों वाले इंसान के लिए कलयुग में भी सतयुग
कंवर महाराज ने कहा कि सच्चाई और ईमानदारी से जीवन जीने, मेहनत की कमाई खाने, दूसरों की सहायता करने और धर्म के रास्ते पर चलने वाले व्यक्ति के जीवन में सुख-शांति बनी रहती है। हृदय में दया, व्यवहार में प्रेम, वाणी में मिठास और प्रभु के प्रति श्रद्धा रखने वाला व्यक्ति ही वास्तव में सुखी रहता है।