भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा दसवीं और बारहवीं के परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट परीक्षार्थी दोबारा परीक्षा देने के लिए 20 मई से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी की कंपार्टमेंट एवं अतिरिक्त श्रेणी की परीक्षा जुलाई में आयोजित की जाएगी।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि जुलाई परीक्षा में प्रविष्ट होने के इच्छुक परीक्षार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) परीक्षा जुलाई-2026 के लिए परीक्षार्थी 20 से 28 मई तक 1000 रुपये शुल्क के साथ बिना विलंब शुल्क आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 29 मई से 2 जून तक 100 रुपये विलंब शुल्क, 3 जून से 7 जून तक 300 रुपये विलंब शुल्क तथा 8 से 11 जून तक 1000 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन किए जा सकेंगे।
डॉ. पवन कुमार ने कहा कि परीक्षार्थी समय रहते आवेदन करना सुनिश्चित करें क्योंकि अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार की कठिनाई आने पर परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट पर जारी हेल्पलाइन नंबर 01664-254300 तथा ई-मेल assecbseh.org.in और assrsbseh.org.in के माध्यम से संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।