भिवानी। प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के वार्षिक खेल महाकुंभ के दूसरे दिन भिवानी पब्लिक स्कूल में निजी स्कूलों के शिक्षकों की विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें प्रदेशभर के करीब एक हजार शिक्षकों ने भाग लिया।
विज्ञापन
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ और अध्यक्षता कर रहे जोहड़ी वाला हनुमान मंदिर के महंत चरणदास ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों ने मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। बवानीखेड़ा विधायक कपूर वाल्मीकि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस अवसर पर शंकर लाल धूपड़ ने शिक्षकों के लिए खेल महाकुंभ आयोजित करने की पहल की सराहना की। महंत चरणदास ने भी शिक्षकों की मानसिक सेहत और आपसी तालमेल के लिए खेल गतिविधियों को महत्वपूर्ण बताया।