भिवानी लोहारू मार्ग पर हादसा ग्रस्त कार। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। बारात से लौट रहे युवकों की कार का संतुलन अचानक एक अन्य कार की साइड लगने से बिगड़ गया। जिस कारण कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में दूल्हे के चचेरे भाई की मौत हो गई जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। पुलिस ने एक घायल के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई और गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। रविवार को गिगनाऊ वासी डॉ. मीर सिंह के लड़की की शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए डॉ. मीर सिंह के भाई राजबीर का 24 वर्षीय लड़का सचिन भी अपने दो दोस्तों श्यामपुरा वासी सुमित और सोहांसड़ा वासी विकास के साथ बारात में गया था। बारात गोहाना गई थी। अल सुबह सचिन व उसके दोस्त अपनी टाटा टियागो कार से वापस गांव लौट रहे थे। जब वे जूई और पोहरकरवास गांव के बीच पहुंचे तो एक कार ने उनकी कार को साइड मारी। जिससे उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया और कार कीकर के पेड़ से जा टकराई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें वहीं एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। बाद में सूचना पर जूई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। पुलिस ने घायल सुमित के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का केस दर्ज किया है। मृत युवक सचिन पढ़ता था और वो दो भाई है। हादसे की सूचना जैसे ही घर पहुंची शादी की खुशियां मातम में बदल गई। गमगीन माहौल में दोपहर के समय शव का गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
मामले में जूई थाना से जांच अधिकारी एएसआई राजपाल सिंह ने बताया कि अज्ञात कार की साइड लगने से यह हादसा हुआ। अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।