भिवानी। जिले में ब्लैक फंगस से एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। जिले में ब्लैक फंगस से मरने वालों का आंकड़ा छह हो गया है। वहीं सोमवार देर रात को ब्लैक फंगस का एक केस भी सामने आया है, जो अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक ब्लैक फंगस के 33 मामले सामने आए हैं। जिनमें से पांच की मौत फंगस से और एक की मौत कोरोना संक्रमण से हुई है। इसके अलावा तीन मरीज ठीक भी हुए हैं। जानकारी के अनुसार जिले में पांचवीं मौत गांव सीपर से 59 वर्षीय महिला की हुई है, जोकि अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन थी। मृत महिला कोरोना संक्रमित नहीं थी, बावजूद इसके वह फंगस ग्रस्त हो गई। इसके अलावा जिले में गांव खरक से 50 वर्षीय व्यक्ति, मिताथल से 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला, लीलस से 45 वर्षीय महिला और एक व्यक्ति की रोहतक पीजीआईएमएस में मौत हो चुकी है। जिले के 24 ब्लैक फंगस ग्रस्त मरीज अग्रोहा मेडिकल कॉलेज, रोहतक पीजीआईएमएस और गुरुग्राम के निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
वर्जन::
ब्लैक फंगस के काफी मामले सामने आ चुके हैं। जिन्हें प्राथमिक जांच के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज, रोहतक पीजीआईएमएस रेफर कर दिया था। साथ ही फंगस की पुष्टि और जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग के रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई है, जोकि ओपीडी में रोजाना मरीजों का चेकअप कर रहे है। इसके अलावा कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन।