हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) की परीक्षाएं रविवार को दूसरे दिन शांतिपूर्वक संचालित हुई। प्रदेशभर में रविवार को 267 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया। लगभग एक लाख विद्यार्थी प्रदेशभर से परीक्षा में शामिल हुए। नकल के 23 मामले भी पकड़े गए। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
बोर्ड सचिव ने बताया कि प्रश्र-पत्रों को संदूकों में रखा गया था। प्रत्येक संदूक पर दो ताले लगाए गए थे, जिनकी एक चाबी संयुक्त टीम के पास तथा दूसरी चाबी केंद्र अधीक्षक की निगरानी में रखी गयी थी। उन्होंने बताया कि अध्यापक पात्रता परीक्षा लेवल-1 (पीआरटी), लेवल-2 (टीजीटी) व लेवल-3 (पीजीटी) से संबंधित सभी विषयों की ड्राफ्ट उत्तरकुंजी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
बढ़ते पेपर लीक मामले व पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पहली बार एचटेट परीक्षा यानि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा में टैग का इस्तेमाल किया गया। यह टैग परीक्षार्थियों की कलाईयों पर बांधा गया, जिससे सुपरिटेंडेंट, फ्लाइंग स्कवायड और शिक्षकों को पता रहे कि टैग वाले परीक्षार्थी ने परीक्षा केंद्र में एंट्री करने से पहले सभी चरणों को पार किया है, जिसमें मेटल डिटेक्टर से जांच, आईडी प्रूफ दिखाना, दस्तावेजों की जांच, बाई आंख की स्क्रीनिंग, बायोमेट्रिक मशीन से अंगूठे के निशान लगाना सहित अन्य मानक शामिल थे। जिस भी परीक्षार्थी की कलाईयों पर टैग नहीं बंधे हुए थे तो उन्हें परीक्षा रूम के अंदर एंट्री नहीं मिली। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से हॉयर की निजी एजेंसी को सख्त निर्देश दिए गए थे कि वे एचटेट परीक्षा में एंट्री करने से पहले हर परीक्षार्थी की कलाईयों पर टैग बांधे। जैसे ही परीक्षा खत्म हो तो परीक्षा केंद्र परिसर में ही टैग उतरवा लिए जाएं।
एचटेट परीक्षा में पहली बार टैग का इस्तेमाल किया गया है। ताकि परीक्षा में चैकिंग के दौरान पारदर्शिता बनी रहे। टैग को कलाईयों पर बांधा गया, जिससे पता रहे कि संबंधित परीक्षार्थी एंट्री के सभी चरणों को पार करके परीक्षा रूम तक पहुंचा है। - ज्योति, सुपरिटेंडेंट, श्री कृष्ण प्रणाली स्कूल, बगला रोड।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह एवं सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि बोर्ड कार्यालय द्वारा 18 व 19 दिसंबर को आयोजित कराई गई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल-1 (पीआरटी), लेवल-2 (टीजीटी) व लेवल-3 (पीजीटी) से संबंधित सभी विषयों की ड्राफ्ट उत्तरकुंजी बोर्ड की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉबीएसईएचडॉओआरजीडॉटइन पर 19 दिसंबर को अपलोड की जाएगी।
यदि किसी अभ्यर्थी को प्रश्न-पत्र बुकलेट में दिए गए किसी भी प्रश्न या उत्तरकुंजी में दिए गए किसी भी प्रश्न के उत्तर (विकल्प) के बारे में कोई आपत्ति हो तो इस संबंध में पूर्ण तथ्यों/प्रमाणों सहित 20 से 24 दिसंबर शाम पांच बजे तक निर्धारित शुल्क एक हजार रुपये प्रति प्रश्न अनुसार जमा कराते हुए अपनी आपत्ति ऑनलाइन बोर्ड की वेबसाइट पर दर्ज करवा सकते हैं।