भिवानी। हाईकोर्ट के आदेश पर शहर के विकास नगर सब्जी मंडी के पीछे मुख्य सड़क पर अवैध कब्जे तुड़वाने के लिए वीरवार को पुलिस बल के साथ टीम पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार व मार्केटिंग बोर्ड के डीएमईओ की अगुवाई में कर्मचारियों ने जेसीबी के साथ सड़क पर किए गए अवैध कब्जे को तोड़ना शुरू किया। इस दौरान टीम का स्थानीय लोगों ने भी विरोध किया, लेकिन एक के बाद एक जेसीबी ने करीब 20 अवैध निर्माणों को तोड़ डाला।
दरअसल, विकास नगर सब्जी मंडी के पीछे दुकान नंबर एक से दस तक करीब 80 फुट चौड़ी सड़क है। वहीं सब्जी मंडी की दुकान नंबर 11 से लेकर 34 तक 60 फुट चौड़ी सड़क है। लेकिन स्थानीय लोगों ने अपने घरों के आगे सड़क को छह से आठ कुट तक घेर लिया गया था। इसके अंदर कुछ लोगों ने तो पक्की बाउंडरी कर ग्रीन बेल्ट बना दी थी। वहीं कुछ लोगों ने लोहे की रेलिंग लगाकर सड़क पर अतिक्रमण कर लिया था।
इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में 2010 में याचिका डाली गई थी। इसी में न्यायालय के आदेश पर जिला प्रशासन ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट भिवानी तहसीलदार अजय कुमार, हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड के डीएमईओ श्यामसुंदर गोयल के साथ पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध निर्माण को तोड़ा गया। जेसीबी ने सड़क पर अवैध कब्जा कर बनाई गई ग्रीन बेल्ट व लोहे की रेलिंग को उखाड़ फेंका। कुछ लोगों ने इस पर अपना विरोध भी दर्ज कराया, मगर जेसीबी का पंजा नहीं रुका, एक के बाद एक अवैध निर्माण को करीब ढाई घंटे में तोड़ डाला। इससे पहले जिला प्रशासन की तरफ से अवैध निर्माण को हटाने का नोटिस भी चस्पाया गया था। इसमें हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए लोगों को नौ मई की दोपहर तक खुद अवैध कब्जे हटाने का आदेश दिया था, वहीं इसके बाद प्रशासन द्वारा कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी। दोपहर बाद प्रशासन की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण एक के बाद एक कर तोड़ डाला।
जिला प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार अजय कुमार की अगुवाई में विकास नगर सब्जी मंडी क्षेत्र में सड़क पर अवैध निर्माण को हटवा दिया है। इससे पहले स्थानीय लोगों को प्रशासन की तरफ से नोटिस भी दिया गया था। इस मामले में एसडीएम की ओर से कमेटी का भी गठन किया गया था।
- श्यामसुंदर, डीएमईओ, हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड भिवानी।