भिवानी। लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ अडिग होकर डटे नगर परिषद सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल को स्थगित कर रविवार को शहरभर में लगे कूड़े के ढेर साफ कराए। शहरभर से करीब ढाई सौ टन कचरे का उठान हुआ। वहीं घर-घर कूड़ा एकत्रित करने के लिए टिप्पर ऑटो भी पहुंचे। सोमवार से शहरी वार्डों में सफाई भी पटरी पर लौट आएगी। दरअसल, चुनावी आचार संहिता की वजह से नगर परिषद सफाई कर्मचारियों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। वहीं विधायक के आश्वासन पर सफाई कर्मचारी काम पर लौटे।
नगर परिषद कर्मचारियों की पिछले काफी लंबे अर्से से मांग लंबित चली आ रही हैं, इसमें सबसे बड़ी मांग तो करीब तीन करोड़ का बकाया एरियर और समय पर वेतन नहीं मिलना है। सफाई कर्मचारियों की मांगों के संबंध में सरकार से समझौता होने पर भी लागू नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने तीन दिनों तक हड़ताल रखी। इसका खामियाजा पूरे शहर को भुगतना पड़ा। शहर के कूड़ा प्वाइंटों पर कचरा सड़कों तक फैल गया। इसकी वजह से राहगीरों को परेशानी हुई। वहीं आसपास के लोगों का भी बदबू से जीना मुहाल हो चला था। रविवार को कूड़ा प्वाइंटों से कूड़े का उठान कराकर उसे दादरी रोड डंपिंग यार्ड तक पहुंचाया गया। नगर परिषद सफाई कर्मचारी नेता पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि कर्मचारियों की मांगे जब तक पूरी नहीं होती वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। चुनावों के बाद फिर से संगठन बड़ा फैसला लेगा।
शहर को साफ सुथरा रखना हम सबका दायित्व है। नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर मैं खुद विधायक घनश्याम सर्राफ के साथ लगातार मुख्यालय बात कर रहा हूं। जल्द ही उनका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
-भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन, प्रतिनिधि नगर परिषद भिवानी।