फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: जिले के 95 ग्रामीण फीडरों पर 289 गांव कागजों में जगमग, धरातल पर चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति का सपना अधूरा

Wed, 03 Jun 2026 11:16 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
संजय वर्मा
विज्ञापन

भिवानी। जिले के 95 ग्रामीण फीडरों पर 289 गांव दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के रिकॉर्ड में जगमग हो गए हैं लेकिन धरातल पर चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति का सपना अब भी अधूरा है। इन गांवों में ग्रामीण उपभोक्ता लगातार बिजली कट झेल रहे हैं।
जिले में 103 ग्रामीण फीडरों पर 309 गांवों की बिजली आपूर्ति दी जा रही है। जिन गांवों को जगमग गांव योजना के तहत चौबीसों घंटे आपूर्ति घोषित किया जा चुका है उनमें भी करीब छह घंटे तक बिजली गुल रहने की स्थिति बनी रहती है। इतना ही नहीं जिले के आठ ग्रामीण फीडर ऐसे हैं जिनमें ग्रामीणों को मात्र 16 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल है लेकिन हकीकत में मुश्किल से आठ से दस घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
विज्ञापन

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने ग्रामीण फीडरों पर लाइनों के सुदृढ़ीकरण कार्य पर करोड़ों रुपये का बजट खर्च किया है। जिन ग्राम पंचायतों की तरफ से जगमग योजना में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया था वहां खुले तारों की जगह केबल डाली गई और ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी लोड के हिसाब से बढ़ाई गई इसके बावजूद चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका।
गर्मी के मौसम में हालात और बिगड़ जाते हैं जहां ग्रामीण फीडरों पर किस्तों में बिजली आपूर्ति हो रही है। सुबह से दोपहर, दोपहर से शाम और रात के समय भी लगातार कट लग रहे हैं जिससे लोगों के रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के भिवानी सर्कल में चरखी दादरी और भिवानी जिला शामिल हैं। अकेले भिवानी जिले में 103 ग्रामीण फीडर संचालित किए जा रहे हैं जिनसे 309 गांवों की बिजली आपूर्ति जुड़ी हुई है। इनमें 95 ग्रामीण फीडर पूरी तरह जगमग गांव योजना से जुड़े हैं जिनसे 289 गांवों की आपूर्ति निगम रिकॉर्ड में 24 घंटे दर्ज है।
जिले में केवल आठ ग्रामीण फीडर ऐसे बचे हैं जिनमें निगम शेड्यूल के अनुसार 16 घंटे बिजली आपूर्ति है लेकिन इन गांवों में हालात और खराब हैं यहां बिजली कम और कटौती अधिक हो रही है।

कार्यालयों के एसी चलाने में ही हाफ रहे बिजली ट्रांसफार्मर
लघु सचिवालय परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों में एसी का लोड ट्रांसफार्मर सहन नहीं कर पा रहे हैं। लघु सचिवालय में जितनी क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं उससे करीब डेढ़ गुना अधिक बिजली लोड बना हुआ है जिससे ट्रांसफार्मर खराब होने लगे हैं। मंगलवार को भी दिनभर ट्रांसफार्मरों में चिंगारी उठने के कारण करीब चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बार-बार बिजली गुल होने से लघु सचिवालय के सरकारी विभागों के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।

शिकायत केंद्र के फोन बंद, अधिकारी भी नहीं उठा रहे कॉल
निगम की बिजली कटौती का दंश आम उपभोक्ता झेल रहे हैं। निगम के शिकायत केंद्र के फोन भी बंद आ रहे हैं जबकि कार्यकारी अभियंता और एसडीओ स्तर के अधिकारी उपभोक्ताओं के फोन कॉल तक नहीं उठा रहे हैं। ऐसे में लाइनों में फॉल्ट आने संबंधी समस्याओं के समाधान में फील्ड कर्मचारियों की कमी भी आड़े आ रही है। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठकों में भी बिजली निगम के अधिकारियों को उपभोक्ताओं के फोन कॉल उठाने की सख्त हिदायतें दी गई हैं इसके बावजूद अधिकारियों के रवैये में कोई सुधार नहीं है।
विज्ञापन

वर्सन:::::
मुझे भिवानी सर्कल का हाल ही में एडिशनल चार्ज मिला है। भिवानी सर्कल के अधिकांश गांव जगमग योजना में शामिल हो चुके हैं। जिन गांवों में चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल है उनमें कोई कट नहीं लग रहा है। मौसम खराब होने या फिर अत्यधिक लोड की वजह से लाइनों में अगर कोई तकनीकी दिक्कत आती है तो उसे दुरुस्त करने में थोड़ी परेशानी हो सकती है। निगम अधिकारियों को भी स्पष्ट हिदायतें हैं कि वे उपभोक्ताओं की फोन कॉल उठाकर समय रहते समस्या का समाधान करें। -विजय पाल यादव, अधीक्षण अभियंता, भिवानी सर्कल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें