कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। सोमवार को जिले में छठे कोरोना पॉजिटिव की मौत हुई। करीब 62 वर्षीय महिला पिछले एक सप्ताह से बीमार थी। बुजुर्ग महिला की मौत के बाद सोमवार सुबह परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। उसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और बताया कि महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तब तक अंतिम संस्कार हो चुका था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संपर्क में आए परिजनों के भी सैंपल लिए।
सोमवार को तीन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एक पॉजिटिव के घर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सूचना दी, उससे पहले ही पीड़ित की मौत हो चुकी थी। यह नया बाजार क्षेत्र की कॉलोनी से करीब 62 वर्षीय महिला थी। जो पिछले एक सप्ताह से बीमार चल रही थी और देर रात उनका निधन हो गया। परिजनों ने अनुसार महिला को बीते सोमवार को बुखार हुआ था। उन्हें टाइफाइड था। बताया जाता है कि करीब दो दिन पहले उनका बुखार ठीक हो गया था। रात को अचानक उन्हें बेचैनी हुई और बीपी काफी बढ़ गया। रात करीब सवा एक बजे उनका निधन हो गया।
कब-कब हुई पॉजिटिव की मृत्यु
- 15 जून : ट्रांसपोर्टर के यहां काम करने वाले पाथरवाली के 36 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव युवक की अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। युवक नोएडा से 13 जून को अपने गांव आया था। 14 जून को उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
- 17 जून : बड़ेसरा गांव की करीब 60 वर्षीय महिला की अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हुई। महिला लंबे समय से दिल्ली में रह रही थी और तबीयत बिगडने उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उनका कोरोना सैंपल पॉजिटिव मिला। वहीं उपचार के दौरान उनकी मौत हुई।
- 19 जून : पतराम गेट क्षेत्र से कोरोना पॉजिटिव सर्राफा व्यापारी का निधन। उन्हें हार्ट संबंधित समस्याएं भी थी और लंबे समय से इलाज चल रहा था।
- पांच जुलाई : नाथुवास में 45 वर्षीय व्यक्ति की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हुई। व्यक्ति की गुर्दे खराब होने, सांस लेनेमें तकलीफ संबंधित समस्या भी थी।
- 15 जुलाई : भैणी ठाकरान वासी करीब 75 वर्षीय व्यक्ति की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हुई। वह कैंसर से भी पीड़ित थे।
- 03 अगस्त : नया बाजार क्षेत्र की एक कॉलोनी से 62 वर्षीय महिला की रात को अचानक तबीयत बिगड़ी और बीपी हाई होने के बाद दम तोड़ दिया। महिला को एक सप्ताह पहले टाइफाइड हुआ था।
तीन नए मिले पॉजिटिव
जिले में सोमवार को तीन नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। जिनमें नीम चौक नया बाजार, लक्ष्मी नगर और विद्या नगर से एक-एक है। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 787 तक पहुंच गया है। जिनमें 750 ठीक हो चुके हैं। अब जिले में कोरोना के 31 एक्टिव केस हैं। सोमवार को भी 175 सैंपल जांच के लिए पीजीआई रोहतक भेजे गए। वहीं पांच ने कोरोना को मात भी दी और ठीक होकर अपने घर लौटे।
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कादयान ने बताया कि पॉजिटिव आए तीन केसों में नीम चौक नया बाजार से 62 वर्षीय महिला है जो कि गृहिणी है। इसकी अन्य कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। लक्ष्मी नगर भिवानी से 43 वर्षीय व्यक्ति है, जो इंडियन आर्मी में कार्यरत है और इनकी ड्यूटी दीमापुर नागालैंड में है। वह 31 जुलाई को नागालैंड से भिवानी आया है। विद्या नगर से 68 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जो कि भूतपूर्व सैनिक है। यह कैंसर का मरीज है जो कि गुरुग्राम में मेदांता अस्पताल में भर्ती है।
वर्जन-
एक कोरोना पॉजिटिव की मौत हुई है, जिसका सैंपल एक अगस्त को लिया गया था और तीन अगस्त को इसकी कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आई है। इसकी मृत्यु के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जो कमेटी गठित की गई है, वह उसकी जांच करेगी। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत का सही कारण क्या है। कोरोना वायरस से मौत हुई है या अन्य कोई बीमारी थी।
- डॉ. जितेंद्र कादयान, सिविल सर्जन