हादसे के दौरान ट्रॉले और बिजली के खंभों के बीच धंसी क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : Bhiwani
लोहारू-भिवानी मुख्य मार्ग पर गांव ढाणी टोडा के नजदीक ट्रॉला और कार की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कार ट्राले व बिजली के खंभों के बीच जा धंसी। हादसे में कार सवाल तीन महिलाएं घायल हो गई। हादसे में घायल एक बुजुर्ग महिला की रात को उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव सेहर निवासी राज कुमार, बुुजुर्ग महिला जिंदावरी देवी, नीलम, सुजाता, पवन व दो बच्चों के साथ कार में सवार होकर जरूरी काम से लोहारू आ रहे थे। इस दौरान ढाणी टोडा गांव के पास सामने से आ रहे एक ट्रॉला के साथ कार की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉला कार को काफी दूरी तक घसीटते हुए ले गया और इस दौरान बिजली के खंभे भी टूटकर कार पर गिर गए। वहां से गुजर रहे मा. रजनीश सांगवान, रामप्रसाद ढाणी टोडा और मा. बलजीत आदि ने घायलों को कार से निकालकर लोहारू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां एक बुजुर्ग महिला जिंदावरी देवी, सुजाता और नीलम को प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी रेफर कर दिया गया। कार में सवार करीब चार-चार वर्ष के दो बच्चे व चालक राज कुमार, पवन भी मौजूद थे। जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। डॉ. गौरव चतुर्वेदी ने बताया कि सड़क हादसे में घायल जिंदावरी देवी, सुजाता व नीलम को प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी रेफर किया है। उधर हादसे में घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे सामाजिक लोगों से कथित रूप से एक चिकित्सक उलझ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने चिकित्सक के व्यवहार को निंदनीय बताया है। जानकारी के अनुसार रात के समय हादसे में घायल बुजुर्ग महिला जिंदावरी देवी की मौत हो गई है।