भिवानी। जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं ताकि घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना का कार्य सुचारू रूप से हो सके। लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में नगराधीश अनिल कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
नगराधीश ने कहा कि जनगणना का कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा किया जाए। पहले चरण में मकानों की सूची बनाने का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण में घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना की जाएगी। कार्यशाला में गणना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और गणकों को प्रशिक्षण, ड्यूटी निर्धारण तथा कार्यक्षेत्रों के सीमांकन की जानकारी दी गई।
उप जिला जनगणना अधिकारी रणबीर सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनगणना का कार्य गंभीरता और जिम्मेदारी से निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने का आह्वान किया। जनगणना-2027 के पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की प्रक्रिया एक अप्रैल से 14 सितंबर 2026 तक पूरी की जा चुकी है।
कार्यशाला में जिले के सभी चार्ज जनगणना अधिकारी, तहसीलदार, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के कार्यकारी अधिकारी व सचिव तथा जिला सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।
मोबाइल अनुप्रयोग से दर्ज होंगे जनसंख्या के आंकड़े
चंडीगढ़ से आए मुख्य प्रशिक्षक एवं जनगणना अधिकारी जसबीर सिंह और जिला समन्वय अधिकारी सन्नी बलहारा ने डिजिटल कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनसंख्या गणना के लिए पीई मोबाइल अनुप्रयोग और सीएमएमएस पोर्टल का उपयोग होगा। मोबाइल अनुप्रयोग में 16 भाषाओं की सुविधा होगी और गणक घर-घर जाकर आंकड़े दर्ज कर सकेंगे। यह अनुप्रयोग बिना इंटरनेट के भी काम करेगा, जबकि पंजीकरण और आंकड़े भेजने के लिए इंटरनेट की आवश्यकता होगी।
सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से कर्मचारियों की तैनाती, प्रशिक्षण, नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र और कार्य की प्रगति पर निगरानी रखी जाएगी। गांव, शहर, तहसील, उपमंडल और जिला स्तर तक जनगणना कार्य की स्थिति देखी जा सकेगी। अधिकारियों ने डिजिटल माध्यम से आंकड़े दर्ज करने और कार्य की निगरानी की प्रक्रिया भी समझाई।