डीआरडीए हाल में समाधान शिविर की समीक्षा बैठक लेते उपायुक्त।
भिवानी। उपायुक्त महावीर कौशिक की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में समाधान शिविरों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर, जन संवाद व सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों को लंबित न रखें।
लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करें और उसकी एटीआर संबंधित पोर्टल पर जरूर अपडेट करें। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लंबित शिकायतों में कुछ ऐसी भी हैं, जिन पर अधिकारियों ने किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की है। जबकि संबंधित विभाग के अधिकारी द्वारा यह बताना जरूरी होता है कि शिकायत का समाधान करने के लिए क्या कदम उठाया गया है। इसकी रिपोर्ट भी पोर्टल पर अपलोड करनी होती है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविरों में आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लें और उनका समयबद्ध तरीके से समाधान करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी समस्या फिर से रिओपन होती है तो उसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी जिम्मेदार होंगे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह, एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल, एसडीएम भिवानी महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, एसडीएम सिवानी विजया मलिक, तहसीलदार सुरेश कुमार, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. विनोद फोगाट मौजूद रहे।