भिवानी। जमालपुर गांव में हुए सड़क हादसे में एक मोटर वैल्डिंग मिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का मामला दर्ज किया है।
हादसा शुक्रवार देर सायं करीब सात बजे जमालपुर गांव के पास हुआ। नलोई वासी करीब 35 वर्षीय सोमबीर तोशाम से नलोई जा रहा था तो रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीररूप से घायल हो गया। बाद में उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर बवानीखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। मृतक के दोस्त दिनेश कुमार ने बताया कि सोमबीर की तोशाम में मोटर वैल्डिंग की दुकान है और वह दुकान से घर लौट रहा था तो यह हादसा हुआ। मृतक को एक लड़का व एक लड़की है। मामले में बवानीखेड़ा थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।