भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में शुक्रवार को एनएसयूआई ने विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया और कुलपति के नाम मांगपत्र सौंपा। यह प्रदर्शन जिला अध्यक्ष मंजीत लांगयान के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। एनएसयूआई पदाधिकारियों और छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष 6 हजार रुपये की भारी-भरकम फीस समेत अन्य समस्याएं रखीं। प्रदर्शन के बाद एनएसयूआई ने कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसे कुलपति की ओर से परीक्षा नियंत्रक ने ग्रहण किया।
जिला अध्यक्ष मंजीत लांगयान ने कहा कि विद्यार्थियों की आर्थिक और शैक्षणिक समस्याओं को लगातार अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मांगपत्र में फीस में कटौती, बुनियादी सुविधाओं का अभाव, समय पर परीक्षा परिणाम और छात्र हित से जुड़ी अन्य समस्याएं उठाई गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ज्ञापन पर जल्द विचार कर समाधान का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर विजय मंढ़ाना, दीपक गुलिया, वर्षा, साक्षी, पूजा सैन और मोनिका सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।