भिवानी। अब नागरिक अस्पताल में इसी सप्ताह दूसरी आधुनिक एक्सरे मशीन स्थापित हो जाएगी। इसके बाद मरीजों को चौबीसों घंटे एक्सरे की सुविधा मिलेगी। एक्सरे मशीन के लिए तैयार किए गए कक्ष में बिजली का काम पूरा हो चुका है। इसके बाद इसी सप्ताह कभी भी चंडीगढ़ से एक्सरे मशीन स्थापित करने के लिए टीम आ सकती है।
नागरिक अस्पताल में 16.30 लाख रुपये के बजट से नई सीआर सिस्टम की नई एक्सरे मशीन आ चुकी है। अत्याधुनिक एक्सरे मशीन की खास बात यह है कि मरीज का एक्सरे होते ही संबंधित चिकित्सक के कंप्यूटर सिस्टम में इसकी रिपोर्ट तुरंत पहुंचेगी। मरीज अपनी सुविधा के लिए अपने मोबाइल फोन में इसकी फोटो भी खींच सकेगा।
नागरिक अस्पताल में दो एक्सरे मशीन पहले ही लगी हैं। लेकिन ये मशीनें नागरिक अस्पताल में आने वाले एक्सरे का दबाव नहीं झेल पा रहीं हैं और ये मशीन कई बार खराब हो चुकी हैं। इस मशीन को स्थापित करने के लिए जिला नागरिक अस्पताल में अलग से कक्ष तैयार किया गया है। इस कक्ष को एक्सरे के सभी मानकों के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें केवल बिजली का काम ही बचा था, यह कार्य भी अब पूरा हो चुका है। इसके बाद इस मशीन को स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
मशीन को स्थापित करने के लिए चंडीगढ़ मुख्यालय से ही तकनीकी कर्मचारियों की टीम भिवानी आएगी। अधिकारियों के मुताबिक ये टीम इसी सप्ताह किसी भी दिन आ सकती है। इस मशीन को दो या तीन दिन के अंदर स्थापित कर चालू कर दिया जाएगा। इसके बाद सीआर सिस्टम की नई एक्सरे मशीन का लाभ मरीजों को मिलना लगेगा।
दोपहर बाद आने वाले मरीजों को बुलाया जा रहा अगले दिन
भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना करीब 350 मरीजों के एक्सरे होते हैं। मारपीट के एमएलसी और इमरजेंसी केस के एक्सरे भी किए जाते हैं। ज्यादातर एक्सरे तो ओपीडी या वार्डों में दाखिल मरीजों के ही होते हैं। एलएंडटी कंपनी ने वर्ष 2010-11 में भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल आधुनिकीकरण किया था, उस समय दो एक्सरे मशीन मिली थीं।
लगातार 13 सालों से ये पुरानी मशीनें ही एक्सरे विभाग में इस्तेमाल होती रहने से अब जवाब दे गई हैं। इन्हें स्वास्थ्य विभाग कई बार ठीक करा चुका है। यहां दोपहर तक ही एक्सरे होते हैं, ज्यादातर मरीजों को एक्सरे के लिए दूसरे दिन बुलाया जाता है। नई मशीन स्थापित होने के बाद इस तरह की दिक्कत नहीं रहेगी।
जिला नागरिक अस्पताल में सीआर सिस्टम की नई एक्सरे मशीन को चालू कराने की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस मशीन को स्थापित करने के लिए मुख्यालय से तकनीकी कर्मचारियों की टीम भिवानी आएगी। इस एक्सरे मशीन के चालू होने के बाद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी और समय पर एक्सरे किया जा सकेगा। स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले। - डॉ. रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन, भिवानी।