भिवानी। अब एक करोड़ के बजट से शहर के मुख्य पार्कों में बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे। जिन पार्कों के अंदर झूले टूटे या क्षतिग्रस्त हालत में हैं, उन्हें भी दुरुस्त कराया जाएगा।
शहर के मुख्य पार्कों में जीर्णोद्धार का काम पहले से ही चल रहा है। शनिवार को नगर परिषद के चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने शहर के विभिन्न पार्कों का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों से भी बातचीत की और उनके अनुरोध पर पार्कों के अंदर सुंदरीकरण के साथ-साथ बच्चों के लिए झूले लगवाने का भी अनुरोध किया गया। इस पर उन्होंने जल्द ही शहर के मुख्य पार्कों में बच्चों के लिए झूलों की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
शहर के नेहरू पार्क में करोड़ों के बजट से जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। शहर के बड़े पार्कों में पहले से ही बच्चों के लिए झूलों की व्यवस्था कराई हुई है, लेकिन कई पार्काें में अब भी बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले नहीं है। इन पार्काें में अब जल्द ही बच्चों के लिए झूलों की व्यवस्था भी होगी। वहीं जिन पार्कों में झूले खस्ताहाल में हैं, उन्हें भी दुरुस्त कराया जाएगा।
नगर परिषद के तहत शहर के करीब छह से अधिक बड़े पार्क दायरे में आते हैं। इसके अलावा कॉलोनियों के अंदर बने पार्कों का रखरखाव भी नगर परिषद ही करा रहा है। ऐसे में पार्कों के अंदर बच्चों के लिए झूलों की व्यवस्था कराने के लिए नगर परिषद करीब एक करोड़ रुपये का बजट खर्च करेगा। इसके तहत बच्चों के लिए विभिन्न झूलों की व्यवस्था पार्कों में होगी।
कृष्णा कॉलोनी के सरदाना पार्क का भी लिया जायजा
नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने शनिवार को कृष्णा कॉलोनी के सरदाना पार्क का निरीक्षण कर यहां के हालातों का जायजा लिया। इस दौरान पार्क के अंदर कुछ बदहाली भी लोगों ने चेयरपर्सन प्रतिनिधि को दिखाई। वहीं इसके जीर्णोद्धार कराए जाने का अनुरोध भी किया। इस पार्क में भी बच्चों के लिए झूले लगाए जाने व जरूरी व्यवस्थाएं कराए जाने के संबंध में भवानी प्रताप सिंह ने लोगों को आश्वासन दिया।
नगर परिषद की ओर से शहर के पार्कों में करीब एक करोड़ के बजट से बच्चों के लिए झूलों की व्यवस्था कराई जाएगी। जिन पार्कों में पहले से झूले लगे हैं, उनका रखरखाव भी नगर परिषद द्वारा ही कराया जा रहा है। पार्कों के जीर्णोद्धार का काम भी तेजी से किया जा रहा है। शहर के सभी पार्कों में समुचित व्यवस्थाएं कराकर उन्हें चकाचक किया जाएगा।
-भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।