भिवानी। शहर की मुख्य सड़कों की जल्द हालत सुधरेगी। नगर परिषद ने दिनोद रोड और सेक्टर 13 मोड़ से महम रोड तक मार्ग के जीर्णोद्धार कार्य का टेंडर कराया है। नवंबर में वर्कऑर्डर जारी कर काम शुरू कराए जाने की उम्मीद है। करीब पांच करोड़ के बजट से ये दोनों सड़कें जल्द चकाचक होंगी।
वहीं सेक्टर की अन्य सड़कों का जीर्णोद्धार कार्यों का भी टेंडर कराया गया है। इन्हीं सड़कों के साथ उनके टेंडर भी खुलेंगे। दरअसल, लंबे अर्से से दिनोद रोड और सेक्टर 13 मोड से भगत सिंह चौक तक के मार्ग का करीब ढाई करोड़ से जीर्णोद्धार कराया जाएगा। करीब एक किलोमीटर दायरे में सड़क को चकाचक किया जाएगा।
इसी तरह दिनोद रोड की सड़क भी आरसीपी पैटर्न पर तैयार होगी। इस पर करीब ढाई करोड़ का बजट खर्च होगा। इस सड़क के निर्माण के टेंडर लगाए गए हैं, जिनके खुलने के बाद ही संबंधित एजेंसियों को वर्क ऑर्डर अलॉट होगा। फिलहाल नवंबर तक इन सड़कों के निर्माण की उम्मीद जताई जा रही है।
सेक्टर की मुख्य सड़क के गड्ढे भी होंगे गायब
सेक्टर 13 के पीर बाबा मजार के सामने की मुख्य सड़क पर असंख्य गड्ढों से भी जल्द छुटकारा मिलेगा। क्योंकि नगर परिषद ने इस सड़क को भी जल्द चकाचक कराने के लिए टेंडर करा दिए हैं। यहां पर सड़क का करीब 400 मीटर दायरे का हिस्सा काफी खस्ता हालत में हैं, जहां पर सड़क की ऊपरी परत ही गायब है, क्योंकि बारिश के दौरान यहां जलभराव होता है। ऐसे में तारकोल से बनी सड़क की ऊपरी परत ही उखड़कर गायब हो चुकी है। यहां गहरे गड्ढों की वजह से सेक्टरवासियों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। लेकिन नई सड़क के बाद ये दिक्कत दूर हो जाएगी।
नगर परिषद की ओर से दिनोद रोड और सेक्टर 13 मोड़ से भगत सिंह चौक होते हुए महम रोड तक की सड़क का जीर्णोद्धार का काम जल्द शुरू कराया जाएगा। इन कार्यों के टेंडर कराए गए हैं, टेंडर खुलने पर संबंधित एजेंसियों को वर्क ऑर्डर अलॉट होगा। फिलहाल नवंबर तक ये प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू करा दिया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर की अन्य सड़कों के टेंडर भी इन्हीं के साथ कराए गए हैं।
-भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।