भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों के लिए बड़ा बदलाव लागू करते हुए अब बोर्ड परीक्षाओं के आवेदन पत्र में अपार आईडी दर्ज कराना अनिवार्य कर दिया है। वन नेशन-वन स्टूडेंट मिशन के तहत अब वही विद्यार्थी परीक्षा परिणाम के पात्र होंगे जिनकी अपार आईडी आवेदन में दर्ज होगी। इस संबंध में बोर्ड ने सभी राजकीय और मान्यता प्राप्त गैर सरकारी स्कूलों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
सरकार ने सभी विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का रिकॉर्ड डिजिटल माध्यम से सुरक्षित रखने के लिए अपार आईडी (स्वचालित स्थायी शैक्षणिक अभिलेख पहचान संख्या) बनाई है। इसके लिए प्रत्येक विद्यार्थी को एक यूनिक नंबर जारी किया गया है। यह आईडी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के सभी विद्यार्थियों के लिए बनवाई जा रही है।
शिक्षा बोर्ड ने डिजिटलीकरण को बढ़ावा देते हुए स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों की अपार आईडी अब तक नहीं बनी है, उनकी सूची तैयार की जा रही है। बोर्ड परीक्षा आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने से पहले स्कूल स्तर पर सभी विद्यार्थियों की आईडी बनवाना अनिवार्य कर दिया गया है।
बिना अपार आईडी के परीक्षा परिणाम जारी नहीं होगा
परीक्षा आवेदन पत्र में अपार आईडी दर्ज न कराने वाले विद्यार्थियों के सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी कक्षाओं के परीक्षा परिणाम बोर्ड द्वारा जारी नहीं किए जाएंगे। इसलिए जिन विद्यार्थियों की आईडी अभी तक नहीं बनी है, वे आवेदन करने से पहले अपनी आईडी अवश्य बनवाएं।
सरकार के निर्देश पर विद्यार्थियों के लिए अपार आईडी लागू की गई है। अपार आईडी सभी शैक्षणिक गतिविधियों में अनिवार्य होगी। इसलिए जिन विद्यार्थियों की अपार आईडी नहीं बनी है, वे समय रहते जल्द से जल्द आईडी बनवाएं। - शिवकुमार तंवर, उप जिला शिक्षा अधिकारी